-
Advertisement
मुकेश बोले- Himachal में कोरोना वैक्सीन को लेकर मास्टर प्लान बनाना जरूरी
ऊना।नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री (Leader of Opposition Mukesh Agnihotri) ने कोरोना (Corona) से निपटने के लिए सरकार के प्रयासों को अपर्याप्त करार दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पाबंदियां कुछ समय का रिलीफ प्रदान कर सकती हैं, लेकिन आने वाले समय में अधिक कारगर कोरोना वैक्सीन (Corona Vaccine) ही होगी। ऐसे में वैक्सीन का सुरक्षा कवर प्रत्येक हिमाचली तक पहुंचे इसको तय करने के लिए एक मास्टर प्लान (Master Plan) बनाया जाना चाहिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस कार्य में सरकार को हरसंभव सहयोग कांग्रेस की ओर से भी किया जाएगा। वर्तमान में वैक्सीन कम केंद्रों पर लग रही है और काफी देर इंतजार भी करना पड़ता है और जानकारी के अभाव में कई वैक्सीन लगाने से रह भी रहे हैं। ऐसे में सबको वैक्सीन मिले, इसके लिए बड़े स्तर पर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि वैक्सीन के स्टॉक की क्या स्थिति है? कितनी वैक्सीन मंगवाई गई है? कितनी और आनी है? उस पर भी स्थिति साफ होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: Himachal के मेडिकल कॉलेज नेरचौक में सामान्य OPD बंद, कोविड रोगियों का होगा इलाज
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि ऑक्सीजन (Oxygen) की भी पर्याप्त उपलब्धता हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय महामारी का है, ऐसे में कांग्रेस (Congress) पार्टी पूरी जिम्मेदारी के साथ जहां व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रही है, वहीं लोगों को भी इसके लिए जागरूक कर रही है कि सभी अपनी सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी कोई बड़े कार्यक्रम नहीं कर रही है। हम लोगों को जागरूक करेंगे और कांग्रेस के विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में व सभी नेता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने का प्रयास करें। लोगों की हर संभव मदद हो यह कांग्रेस का हर संग़ठन भी तय करे। मुकेश ने कहा कि वर्तमान समय संभलने का है, लेकिन दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि प्रदेश की जयराम सरकार (Jai Ram Govt) सही समय पर कभी भी निर्णय नहीं ले पाई, जिसके कारण हालात बिगड़ते चले गए और आज फिर से बंदिशों का दौर शुरू करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि मार्च महीने में इस प्रकार का निर्णय ले लिया होता तो शायद आज स्थिति भिन्न होती। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी से सभी सहयोग भी करें और महामारी से खुद को परिवार को समाज को बचाने के लिए काम भी करें। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से यह एक बार फिर से बुरा दौर आया है और आर्थिक परेशानियों से लड़ना भी पड़ेगा। मुकेश ने कहा कि हमें अब और सतर्कता के साथ आगे बढ़ना है।
कोविड रोगी की परिजनों को मिले सूचना
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कोविड-19 (Covid-19) हॉस्पिटल में इलाज के दौरान कोताही बरती जा रही है, ऐसी शिकायतें हैं। ऐसे में वहां एक तो सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाने का प्रबंध किया जाए, दूसरा स्वास्थ्य सुविधाओं में और इजाफा हो। इतना ही नहीं मरीज के परिजनों को प्रतिदिन सेहत का बुलेटिन देने का प्रबंध भी किया जाए, ताकि परिजन असहाय महसूस ना कर पाए। मुकेश ने कहा कि जिनका परिजन कोविड-19 अस्पताल में दाखिल है और उसकी जानकारी परिजनों को मिल नहीं रही है, तो निश्चित रूप से उस की परेशानी होती है इस समस्या को दूर करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भी कोविड-19 से प्रभावित हुए हैं, हमारी शुभकामनाएं हैं कि वह जल्द स्वस्थ हों। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की सेहत में भी तेजी से सुधार हो रहा है और जल्द उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिलेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

