-
Advertisement
कमलजीत और सुरुची की जोड़ी ने शूटिंग में दिखाया दम, भारत के खाते में आया दूसरा गोल्ड , कोरिया को हराकर रचा इतिहास
Asian Games 2026: एशियन गेम्स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शूटिंग में भारत के लिए बड़ी सफलता सामने आई है, जहाँ 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कमलजीत सिंह और सुरुची की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया। इस स्वर्णिम सफलता के साथ ही टूर्नामेंट में भारत के कुल पदकों की संख्या 19 (2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज) हो गई है।गौरतलब है कि इन खेलों में भारत का पहला गोल्ड मेडल भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता था।
दबाव में दिखाया संयम, दक्षिण कोरिया को दी शिकस्त
क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद, कमलजीत और सुरुची ने फाइनल में भी अपनी लय बनाए रखी। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए पहली ही सीरीज में दक्षिण कोरिया पर 4.9 पॉइंट्स की मजबूत बढ़त बना ली थी।हालांकि, दूसरी सीरीज में दक्षिण कोरियाई टीम ने वापसी की और भारत की बढ़त को घटाकर महज 1.2 पॉइंट्स कर दिया। दबाव के क्षणों में भारतीय निशानेबाजों ने अपना धैर्य नहीं खोया और धीरे-धीरे अपनी बढ़त को फिर से 7.2 पॉइंट्स तक पहुँचा दिया।आखिरी क्षणों में सुरुची ने 10.5 और कमलजीत ने 9.5 का स्कोर किया। अंत में भारतीय जोड़ी ने कुल 484.6 का स्कोर करते हुए दक्षिण कोरिया (478 अंक) को 6.6 अंकों के अंतर से मात देकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में ईरान की टीम 415.8 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान (कांस्य पदक) पर रही।
भारत का मेडल खाता: 50 मीटर राइफल में भी आया सिल्वर
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में स्वर्ण पदक के अलावा, भारत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशंस स्पर्धा में भी रजत पदक (सिल्वर) अपने नाम किया है। इन सफलताओं के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत का पदक तालिका स्कोर 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल हो चुका है।
पंकज शर्मा
