-
Advertisement
चोरी छिपे मणिमहेश जाने लगे हैं लोग, भरमौर प्रशासन ने लगा दिया यात्रा पर प्रतिबंध
Manimahesh Yatra: हिमाचल में बिगड़े मौसम और सड़कों की हालत को देखते हुए भरमौर प्रशासन चोरी-छिपे मणिमहेश जाने वालों पर सख्ती बरतते हुए मणिमहेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में एसडीएम भरमौर की ओर से पुलिस थाना प्रभारी को आदेश दिए गए हैं कि परिक्रमा स्थल धंछो, गौरीकुंड और मणिमहेश में पुलिस जवानों की तैनाती कर विशेष निगरानी शुरू की जाए। दरअसल कुछ यात्री प्रशासन को सूचित किए बगैर चोरी-छिपे मणिमहेश जाने लगे हैं।
रास्ते अभी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जाहिर है 2025 की भारी बरसात और बादल फटने के कारण मणिमहेश जाने वाले रास्ते अभी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। भरमौर में अभी चार-पांच फीट से भी ज्यादा बर्फ है और दो दिन पहले भी यहां पर ताजा हिमपात हुआ है। ऐसे में यात्रा करना जान जोखिम में डालना है। एसडीएम के आदेशों के अनुसार कार्तिक स्वामी मंदिरके कपाट 14 अप्रैल को खुल रहे हैं। हर वर्ष की भांति इस बार भी कुछ भक्त अभी से कार्तिक स्वामी मंदिर पहुंचने लगे हैं। इस दौरान कुछ लोग मणिमहेश की ओर जा रहे हैं। किसी को भी परिक्रमा मार्ग (धंछो, गौरीकुंड और मणिमहेश) पर जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
वाहनों की नियमित जांच की जाए
एसडीएम ने निर्देश दिए कि हडसर मेन गेट पर वाहनों की नियमित जांच की जाए। साथ ही, मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं को परिक्रमा मार्ग पर जाने से रोका जाए और उन्हें मार्ग की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। ग्राम पंचायत हडसर और आसपास की पंचायतों को भी निर्देश दिए कि वे सूचना बोर्ड व पोस्टर लगाकर स्थानीय जनता और यात्रियों को मार्ग की स्थिति और संभावित जोखिमों के बारे में जागरूक करें।
रविंद्र
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

