-
Advertisement
खौफनाक मंजर: चट्टान से टकराई और सीधे सतलुज में जा समाई कार, गाड़ी और सवारों का कोई सुराग नहीं
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पुलिस थाना कुमारसैन के तहत लुहरी-आनी सड़क पर नौरी के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए सीधे सतलुज नदी में जा गिरा। हादसे के बाद से गाड़ी और उसमें सवार लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा तलाश अभियान जारी है।
मैकेनिक ने आंखों देखा हाल किया बयां
इस खौफनाक हादसे को अपनी आंखों से देखने वाले एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने निरमंड के लभोरा निवासी 35 वर्षीय मान सुख (पुत्र केशव राम) के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है।प्रत्यक्षदर्शी मान सुख ने बताया कि वह लुहरी-आनी मार्ग पर नौरी में मोटर मैकेनिक की दुकान चलाते हैं। रविवार शाम करीब छह बजे जब वह अपनी दुकान से नीचे सतलुज नदी की ओर गए थे, तभी उन्होंने पराशन की ओर से लुहरी सैंज की तरफ आ रहे एक सफेद और सिल्वर रंग के वाहन को देखा।
पलक झपकते ही नदी में समा गई गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, नौरी के पास यह वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे जा गिरा। गाड़ी सबसे पहले एक बड़ी चट्टान से टकराई और उसके बाद पलक झपकते ही सीधे उफनती सतलुज नदी के बीचों-बीच जाकर समा गई। मान सुख ने अंदेशा जताया है कि यह दर्दनाक हादसा वाहन चालक की तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुआ होगा।
पुलिस की कार्रवाई और रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर दुर्घटना के असली कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।फिलहाल, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सतलुज नदी में गिरे वाहन और उसमें सवार लोगों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है।
छविंद्र शर्मा

