-
Advertisement
CM सुक्खू का विपक्ष पर पलटवार-हिमाचल को कब मिलेगा PM मोदी का पैकेज, पिता का फर्ज निभाने गया था लंदन
CM Sukhu: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मोबाइल फॉरेंसिक वाहनों का लोकार्पण किया। यह वाहन डायरेक्टरेट ऑफ़ फॉरेंसिक सर्विस के तहत काम करेंगे। सीएम ने आज कुल छह वाहनों को हरी झंडी दिखाई,हर वाहन की क़ीमत 65 लाख रुपये है, जो अत्याधुनिक तकनीक से लैस है। इसके ज़रिए पुलिस को तेज़ी से जांच करने में मदद मिलेगी। मीडिया के बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि नई तकनीक वाले यह वाहन तेजी के साथ जांच सुनिश्चित करने में मददगार साबित होंगे.
एक भी सरकारी रुपया ख़र्च नहीं किया
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने निजी लंदन दौरे को लेकर भी स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि यह उनका निजी दौरा था और वे अपनी बेटी के एडमिशन कराने के लिए लंदन गए थे। विपक्ष ने इस पर भी राजनीति की। उन्होंने इस निजी दौरे में एक भी सरकारी रुपया ख़र्च नहीं किया है। इसी तरह उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के विदेश दौरे को लेकर हो रहे विवाद पर भी स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस अधिसूचना को लेकर विवाद हो रहा है, उसमें किसी अधिकारी के हस्ताक्षर भी नहीं थे। सीएम ने कहा कि उनकी अनुमति के बिना किसी भी विदेशी दौरे पर नहीं जाया जा सकता
सीमेंट पर किसी तरह का कोई टैक्स नहीं लगाया
सीमेंट के बढ़े हुए दामों को लेकर सीएम सुक्खू कहा कि राज्य सरकार ने सीमेंट पर किसी तरह का कोई टैक्स नहीं लगाया। विपक्ष बेवजह की राजनीति कर रहा है। सीएम ने कहा कि GST का सबसे बड़ा नुक़सान हिमाचल प्रदेश को हुआ। अन्य छोटे राज्यों ने भी GST से हो रहे नुक़सान के बाद केंद्र सरकार के सामने रखी है। सीएम ने कहा कि बीजेपी को यह बताना चाहिए कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 1500 करोड़ रुपए का जो विशेष पैकेज घोषित किया था, वह हिमाचल को कब मिलेगा। हिमाचल प्रदेश आपदा से जूझ रहा है और राज्य में को अभी पैसों की ज़रूरत है
आर्थिक तंगी की बात को स्वीकारा
आने वाले चार से पांच महीने तक हिमाचल पर्यटन विकास निगम और हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को वेतन मिलने में देरी हो सकती है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य में आर्थिक तंगी की बात को स्वीकारा है. हालांकि इसके लिए उन्होंने पूर्व सरकार के कामों को ज़िम्मेदार ठहराया। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों को वेतन और रिटायर्ड कर्मचारियों को वक़्त पर पेंशन देने के लिए प्रतिबद्ध है। संभव है कि कुछ महीनों तक की परेशानी हो, लेकिन इसे ठीक करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आर्थिक तंगी के बावजूद प्रदेश भर में आपदा प्रभावितों तक मदद पहुंचाने का भी काम कर रही है।
संजू चौधरी

