-
Advertisement
छात्रा की मांग पर सीएम सुक्खू का बड़ा तोहफा: रोहड़ू स्कूल के नए भवन के लिए 2 करोड़ रुपये की घोषणा
CM Sukhvinder Singh Sukhu: सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने रोहड़ू दौरे के दौरान पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (सीबीएसई) के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान सीएम ने छात्रों के सवालों के जवाब दिए और उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। कार्यक्रम में एक छात्रा द्वारा स्कूल भवन की कमी का मुद्दा उठाए जाने पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही नए भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि नए भवन के निर्माण में 2 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी, लेकिन राज्य सरकार आवश्यकतानुसार और बजट भी उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए परिसर के निर्माण में कुछ समय अवश्य लगेगा, पर सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बनाना है। संवाद के दौरान छात्रा ने बताया कि सीबीएसई संबद्धता मिलने के बाद स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या काफी बढ़ी है, जिसके चलते फिलहाल दो शिफ्टों में कक्षाएं चलानी पड़ रही हैं।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आर्थिक सुधार प्राथमिकता
संवाद के दौरान सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को निजी स्कूलों के समान आधुनिक शिक्षा देने के उद्देश्य से सरकारी क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल खोल रही है।एक विद्यार्थी द्वारा जीवन की सबसे बड़ी चुनौती से जुड़े सवाल पर सीएम सुक्खू ने कहा कि लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करना और समय प्रबंधन दोनों महत्वपूर्ण हैं, लेकिन प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार लाकर हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाना सबसे बड़ी चुनौती रही है। सरकार का लक्ष्य हिमाचल को देश के अग्रण राज्यों में शामिल करना है।

एआई तकनीक, रोजगार और बचपन की स्मृतियां
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI): एआई तकनीक के प्रभाव से जुड़े सवाल पर सीएम सुक्खू ने कहा कि तकनीक कितनी भी आधुनिक हो, उसके प्रभावी उपयोग के लिए बुनियादी शिक्षा और ज्ञान का मजबूत आधार होना जरूरी है।रोजगार के अवसरों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा सोचने-समझने की क्षमता विकसित करती है। सरकार सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा दे रही है। यूकेजी के एक नन्हे छात्र के सवाल पर सीएम सुक्खू ने अपने बचपन की यादें साझा कीं और बताया कि कैसे सर्दियों में परिवार के सदस्य आग के सामने बैठकर उन्हें ‘सात बहनों’ जैसी कहानियां सुनाया करते थे।
कार्यक्रम के अंत में सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल है और राज्य सरकार हिमाचल को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, नशा निवारण बोर्ड के सह-संयोजक संजय भारद्वाज, डीसी अनुपम कश्यप और एसपी गौरव सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
संजू चौधरी
