-
Advertisement
कुल्लू में आतिशबाजी से भड़की आग: कई मकान, पशुशालाएं और जंगल जले; लाखों का नुकसान
Kullu Fire: दिवाली की रात रोशनी और आतिशबाजी के उत्साह के बीच कुल्लू जिले में आग लगने की कई घटनाओं ने तबाही मचाई। आतिशबाजी और पटाखों से निकली चिंगारियों के कारण न केवल रिहायशी मकान, पशुशालाएं और घास के ढेर जलकर राख हो गए, बल्कि कई क्षेत्रों के जंगलों में भी भीषण आग भड़क उठी। गनीमत यह रही कि इन सभी घटनाओं में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
दमकल केंद्र के तहत 15 घटनाएं
कुल्लू, बंजार, जरी और पतलीकूहल अग्निशमन केंद्रों के अंतर्गत आग लगने की कुल 15 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें से अकेले 9 घटनाएं कुल्लू क्षेत्र में हुईं। अरछंडी गांव में विनेंद्र, विक्रांत और विनिता के संयुक्त मकान में रात करीब 1:35 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही पतलीकूहल दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ, जबकि दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए आसपास की 20 कमरों वाली इमारत और निचले तल को बचाकर करीब 75 लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित कर ली। रांगड़ी में पशुशाला और घास के ढेर में आग लगने से 1.20 लाख रुपये की संपत्ति जल गई। यहां भी दमकल विभाग ने समय पर पहुंचकर मन चंद के रिहायशी मकान और सेब के बागान को बचाकर करीब 55 लाख रुपये का नुकसान होने से रोक लिया।
सुल्तानपुर, दियार और महाराजा घाटी के जंगलों में लपटें
दीवाली की रात से शुरू हुआ आग का सिलसिला सोमवार तक जारी रहा। जिले के कई वन क्षेत्रों में आतिशबाजी की लापरवाही के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। जिला मुख्यालय के पास सुल्तानपुर के पीछे दिवाली की रात जंगल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। भेखली जंगल के साथ लगते पीज, खोखण और दियार के जंगलों में रातभर आग की लपटें उठती रहीं, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा।
महाराजा घाटी व टीकरा बाबड़ी
सोमवार सुबह महाराजा घाटी के जंगलों में आग लगने के मामले सामने आए। वहीं, दोपहर करीब 1:00 बजे कुल्लू-भुंतर सड़क पर टीकरा बाबड़ी स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर के समीप अचानक आग भड़क गई, जिसे दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बुझाया। अग्निशमन अधिकारी, के अनुसार दीवाली के दौरान लगातार आग लगने की सूचनाएं मिलती रहीं और विभाग के कर्मचारी मुस्तैदी से आग पर काबू पाने में जुटे रहे। राहत की बात यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई है।”आतिशबाजी के दौरान बरती गई थोड़ी सी लापरवाही ने वन संपदा और निजी संपत्ति को गहरा नुकसान पहुंचाया है, जिसने एक बार फिर जंगलों और बस्तियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तुलसी बाबा
