-
Advertisement
HPBOSE ने 12वीं की अंतिम मेरिट सूची की जारी, डॉ. राजेश बोले—आधिकारिक वेबसाइट पर देखें लिस्ट
HPBOSE। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2026 में आयोजित 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा की अंतिम मेरिट सूची जारी कर दी है। पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्युएशन) और पुनः जाँच (री-चेकिंग) के बाद आए संशोधित परिणामों को वार्षिक डाटाबेस में समाहित करते हुए यह अंतिम सूची तैयार की गई है। छात्र और अभिभावक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस मेरिट सूची को देख सकते हैं।
पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि परीक्षा और परिणाम प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुद्धता बनाए रखना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुनर्मूल्यांकन के परिणामों को मेरिट सूची में जगह देना छात्रों के हितों की रक्षा और त्रुटिहीन मूल्यांकन व्यवस्था के प्रति बोर्ड की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे परीक्षा प्रणाली में किसी भी प्रकार के असमंजस या अनिश्चितता की गुंजाइश न रहे।
मेधावियों को बधाई, शिक्षकों व अभिभावकों के मार्गदर्शन को सराहा
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि यह सफलता छात्रों के अनुशासन, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयासों का नतीजा है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के परिवारों के सहयोग और शिक्षकों के अमूल्य मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया।
विद्यार्थी ही प्रदेश के भविष्य की मजबूत नींव
डॉ. शर्मा ने कहा कि हिमाचल के युवाओं में अपार प्रतिभा और क्षमता है। उन्होंने सफल छात्रों से अपनी उपलब्धियों को नई जिम्मेदारियों की शुरुआत मानते हुए उच्च शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी दोहराया कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराना समाज व व्यवस्था की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
अमित महाजन
