-
Advertisement
आईजीएमसी में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत, सीएम बोले- 30 हजार रुपए में होगा ऑपरेशन
Robotic surgery at IGMC: सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज आईजीएमसी शिमला में 28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित उच्च स्तरीय रोबोटिक सर्जरी सुविधा का शुभारंभ किया। सीएम ने ख़ुद रोबोट से होने वाली सर्जरी को देखा। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि शिमला जिला के चमियाना, कांगड़ा जिला के टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय तथा मंडी जिला के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा के सफल शुभारंभ के बाद अब यह सुविधा इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएमसी), शिमला में भी मरीजों के लिए उपलब्ध होगी।
सीएम ने कहा कि इस सुविधा से जनरल सर्जरी, गैस्ट्रो सर्जरी, ऑन्कोलॉजी तथा गायनेकोलॉजी जैसे क्षेत्रों में उन्नत सर्जिकल प्रक्रियाएं और सशक्त होंगी तथा चीरा भी छोटा लगेगा जिससे मरीज को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। प्रदेश भर के मरीजों को अत्याधुनिक और सटीक उपचार अपने घर के नजदीक ही उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में लोगों को विश्वस्तरीय रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिल रही है, जो उत्तर भारत में अपनी तरह की विशेष पहल है। उन्होंने कहा कि अगले एक माह के भीतर हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालय में भी रोबोटिक सर्जरी मशीन स्थापित की जाएगी। प्रदेश सरकार दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी इस सुविधा का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में कुल्लू तथा अन्य दूरदराज के क्षेत्रों के प्रमुख अस्पतालों में भी रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला, चमियाना तथा टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में उन्नत मेडिकल लैब स्थापित की जा रही हैं। इसके अलावा आईजीएमसी में अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन भी स्थापित की जा चुकी है, जो मरीजों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी करवाने वाले मरीजों के लिए स्पेशल वार्ड के लिए 50,000 रुपये तथा सामान्य वार्ड के लिए 30,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
मीडिया के सवाल पर सीएम ने कहा कि LPG की कमी को लेकर केंद्र सरकार ने चिंता जताई है। सीएम ने कहा कि LPG आपूर्ति केंद्र सरकार के अधीन आती है और वे इसे देख रहे हैं। प्रदेश में तीसरे मोर्चे को लेकर उठे सियासी हलचल पर सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे की संभावना हमेशा से रही है। सीएम ने कहा कि वे लंबे वक़्त से कह रहे हैं कि बीजेपी पांच गुटों में बंटी हुई । बीजेपी हिमाचल विरोधी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इन दिनों सिर्फ़ दोषारोपण के काम में लगी हुई है। बीजेपी ने ना तो आपदा के दौरान प्रदेश का साथ दिया और ना ही रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट की बहाली के लिए। बीजेपी सोशल मीडिया के ज़रिए राजनीति में लगी है।
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

