-
Advertisement
हिमाचल कांग्रेस कार्यालय में सीएम सुक्खू- विक्रमादित्य समर्थकों की नारेबाजी, खुलकर दिखी गुटबाजी
Himachal Congress: हिमाचल कांग्रेस कार्यालय शिमला राजीव भवन में राहुल गांधी के “वोट चोर कुर्सी छोड़” अभियान की शुरुआत के मौके पर में खूब हंगामा देखने मिला। प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत कांग्रेस मुख्यालय शिमला से हुई, जिसमें हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। सीएम सुक्खू और मंत्री विक्रमादित्य सिंह गुट के समर्थकों ने आमने-सामने अपने-अपने नेताओं के पक्ष में नारेबाजी की। कांग्रेस सह प्रभारियों के बार बार रोकने के बावजूद समर्थक नारेबाजी करने से नहीं माने।
शिमला स्थित राजीव भवन में वोट चोर, गद्दी छोड़ कार्यक्रम के दौरान सीएम सुक्खू और प्रतिभा सिंह के समर्थक आमने-सामने आ गए। कार्यक्रम के दौरान सीएम , प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह के जिंदाबाद के नारे गूंजते हुए नजर आए।
@rajanipatil_in @kharge @priyankagandhi @SukhuSukhvinder pic.twitter.com/zwFRpu6sE3— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) August 22, 2025
कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के सामने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के पक्ष में जमकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया। बंद कमरे में हुई इस राज्यस्तरीय रैली में अभियान से ज्यादा गुटबाजी हावी रही। मंच पर बैठे प्रदेश मामलों के सह-प्रभारी चेतन चौहान, सोनिया गांधी-राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे तो पीछे सीएम समर्थक सुक्खू के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह समर्थक भी नारेबाजी करते रहे और शक्ति प्रदर्शन किया।प्रदेश में कांग्रेस का संगठन नौ महीने से भंग है ऐसे में कार्यकर्ताओं में रोष भी है जो शिमला में आयोजित वोट चोर कुर्सी छोड़ रैली में भी देखने को मिला।
अंदरूनी लड़ाई खत्म नहीं हुई
वैसे हिमाचल कांग्रेस पार्टी की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। हॉली लॉज और सुखविंदर सिंह के बीच की खटास जगजाहिर है। लगता था कि ये मनभेद वीरभद्र सिंह के साथ ही खत्म हो गया है, लेकिन ताज़ा नारेबाजी को देखते हुए लग रहा है कि अंदरूनी लड़ाई खत्म नहीं हुई है। अब लड़ाई कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर है, हॉली लॉज संगठन में अपना दबदबा चाह रहा है, तो सीएम सुक्खू अध्यक्ष बदलने के मूड में हैं। ऐसे में आने वाले समय में भी गुटबाजी देखने को मिल सकती है।
संजू चौधरी

