-
Advertisement
सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की बिक्री शुरू, इटली से भारत तक के सफर और पीएम ना बनने के फैसले पर खुलासा
Sonia Gandhi’s book Belonging: A Journey of Love: सोनिया गांधी की बहुचर्चित किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) बिना किसी आधिकारिक लॉन्च इवेंट के सीधे बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हो गई है। 527 पन्नों और 7 अध्यायों में बंटी यह किताब सोनिया गांधी का एक निजी संस्मरण (Memoir) है, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं है। किताब के कवर पेज पर सोनिया गांधी की वही तस्वीर लगाई गई है, जिसे वर्ष 1966 में राजीव गांधी ने क्लिक किया था। सोनिया ने अपनी यह किताब अपने बेटे राहुल, बेटी प्रियंका और पोते-पोतियों (रैहान व मिराया) को समर्पित की है। किताब की शुरुआत में ऋग्वेद की ऋचाओं को शामिल किया गया है, जिसका अर्थ साथ मिलकर चलने, एकजुट विचार रखने और दिलों में आपसी सामंजस्य स्थापित करने से है।
कैम्ब्रिज में पहली मुलाकात और प्यार
19 साल की उम्र में सोनिया इटली से अंग्रेजी सीखने कैम्ब्रिज पहुंची थीं। वहां एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी पहली नजर राजीव गांधी पर पड़ी। जनवरी के एक दिन दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज के जरिए दोनों की मुलाकात हुई और पहली ही नजर में दोनों को प्यार हो गया। राजीव गांधी उन्हें पहली बार वैलेंटाइन डे की एक पार्टी में ले गए थे।
‘सोनिया’ नाम के पीछे का दिलचस्प किस्सा
सोनिया के पिता स्टेफानो मैनो दूसरे विश्वयुद्ध में इटली की सेना में थे और रूस के मोर्चे पर लड़े थे। वहां उन्होंने एक गरीब परिवार के बच्चों को खाना दिया था, जिनकी दो बेटियों के नाम ‘अनूश्का’ और ‘सोनिया’ थे। पिता ने अपनी बेटियों के नाम भी उन्हीं के नाम पर रखे। हालांकि, चर्च में उनका आधिकारिक नाम एलेसांद्रा और एंटोनिया दर्ज हुआ, लेकिन परिवार में उन्हें सोनिया के नाम से ही जाना गया।
इटली का पासपोर्ट और भारतीय नागरिकता का भावुक क्षण
सोनिया ने काफी समय तक अपना इटली का पासपोर्ट संभालकर रखा था क्योंकि वह उनकी पुरानी पहचान का हिस्सा था। हालांकि, 1983 में उन्होंने भारतीय नागरिकता ले ली। इटली के दूतावास में जब नागरिकता छोड़ने की औपचारिक प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज पढ़कर सुनाए जा रहे थे, तो उनकी धड़कनें तेज हो गई थीं। उन्हें महसूस हुआ कि उनकी पहचान का एक बचा हुआ हिस्सा हमेशा के लिए छूट रहा है।
2004 में प्रधानमंत्री ना बनने की असली वजह
सोनिया गांधी ने खुलासा किया कि उन्होंने 2004 में ही तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। राहुल और प्रियंका भी उन्हें इस पद पर नहीं देखना चाहते थे। दोनों के मन में अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या की दर्दनाक यादें थीं और उन्हें डर था कि पीएम बनने से सोनिया की जान को खतरा बढ़ जाएगा। चुनाव जीतने के बाद गठबंधन नेताओं के दबाव के बावजूद वह अपने फैसले पर अडिग रहीं।
जिंदगी के बदलाव और परिवार को ईमानदारी से दिखाने की कोशिश
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि उन्होंने अपनी जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा और अंदरूनी दुनिया खुद तक ही सीमित रखी। हालांकि, दुखों ने उन्हें राजनीति में खींच लिया, फिर भी उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को बचाकर रखने का प्रयास किया। उन्होंने लिखा, “मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ लिखा गया, लेकिन शायद ही कभी यह समझने की कोशिश हुई कि वे असल में कैसे लोग थे। यह उस जगह की मेरी कहानी है, जिसे मैंने अपना घर माना। मैं भारत में पांच दशकों से ज्यादा समय में आए बदलावों को लोगों के सामने रखना चाहती थी, जिसे मैंने पहले किनारे से और बाद में इसके केंद्र से देखा।”
पंकज शर्मा
