-
Advertisement
‘SOTO हिमाचल’ की साइट से अब घर बैठे कर पाएंगे अंगदान की इच्छा
शिमला। अंगदान (Organ Donation) की इच्छा रखने वाले लोग अभी तक फॉर्म-7 भरकर शपथ पत्र (Affidavit) के माध्यम से आग्रह करते थे। लेकिन अब यह काम पेचीदा नहीं रह गया है। सोटो हिमाचल की वेबसाइट पर आकर कोई भी क्यूआर कोड स्कैन (Scan QR Code) कर रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद अंगदान का शपथ पत्र भर सकता है। यह सारे काम अब घर बैठे ही हो जाएंगे। यह जानकारी शिमला के IGMC में मंगलवार को स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन हिमाचल प्रदेश (SOTO) की ओर से अंगदान को लेकर प्रेसवार्ता में दी गई। इसकी अध्यक्षता डायरेक्टर ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन व IGMC की प्रिंसिपल डॉ. सीता ठाकुर ने की।
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश भर में एक ही माध्यम से अंगदान संबंधी शपथ पत्र भरे जाएंगे। SOTO हिमाचल की ऑफिशल वेबसाइट के तहत यह काम घर बैठे कर सकता है। वेबसाइट पर क्यूआर कोड से रजिस्ट्रेशन की औपचारिकता पूरी करने के बाद व्यक्ति अंगदान की इच्छा जाहिर कर सकता है। उन्होंने कहा पूरे देश में इस प्रक्रिया को आसान करने और जागरूकता बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
यह भी पढ़े:जोनल अस्पताल धर्मशाला के डॉ. राजेश गुलेरी ने किए अपने अंगदान, लोगों को किया प्रेरित
आधार कार्ड से लिंक होगा रजिस्ट्रेशन
उन्होंने बताया कि यह रजिस्ट्रेशन आधार कार्ड से लिंक (Registration Will Be Linked With Aadhaar Card) होगा। सोटो के नोडल अधिकारी डॉ. पुनीत महाजन ने बताया कि प्रदेश के करीब 1460 लोगों ने अंगदान के लिए शपथ पत्र भरे हैं। ऑनलाइन माध्यम से 90 शपथ पत्र भरे जा चुके हैं।
जागरूकता की भारी कमी- डॉ. रामलाल
IGMC के नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामलाल ने बताया कि नेत्रदान (Eye Donation) और अंगदान को लेकर लोगों में जागरूकता की भारी कमी है। IGMC में विभिन्न बीमारियों से हर साल करीब 2100 मरीजों की मौत होती है। इनमें से एक प्रतिशत लोग भी नेत्रदान के लिए आगे नहीं आते हैं। मृत्यु के 6 घंटे के भीतर नेत्रदान संभव है। IGMC में मौजूदा समय तक 336 नेत्रदान हुए हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


