-
Advertisement
Union Budget: हिमाचल को मिले एक लाख करोड़ रुपए, और क्या मिला…जानें यहां
Last Updated on February 2, 2022 by admin
शिमला। आज संसद में आम बजट (Union Budget) पेश किया गया। इस बजट में हिमाचल और प्रदेश के लोगों के लिए बहुत कुछ है। बजट में की गई घोषणा से कोविड (Covid) के चलते हिमाचल के लिए भी समग्र प्रोत्साहन आर्थिक मदद बढ़ेगी। वहीं, प्रदेश को रोपवे विकास कार्यक्रम का भी लाभ मिलने की उम्मीद है। बजट में अर्थव्यवस्था में समग्र प्रोत्साहन के लिए राज्यों को सहायता के लिए वर्ष 2022-23 में एक लाख करोड़ रुपए का आबंटन का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही 50 वर्षीय ब्याज मुक्त ऋण (Interest-Free Credit) प्रदान किया जाएगा, जो सामान्य ऋण के अतिरिक्त है। इससे भी हिमाचल को लाभ मिलेगा। वहींए 2022.23 में राज्यों को जीएसडीपी (GSDP) के चार प्रतिशत का वित्तीय घाटे की अनुमति होगी, जिसका 0.5 प्रतिशत विद्युत क्षेत्र सुधारों में उपयोग किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:बजट 2022: हिमाचल बीजेपी ने बताया ऐतिहासिक, कांग्रेस बोली- महज शब्दों का है मायाजाल
आठ रोपवे परियोजनाओं का मिलेगा कांट्रैक्ट
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में परंपरागत सड़कों के विकल्प जो पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ हों, को वरीयता दी जा रही है। पीपीपी मोड (PPP Mode) के अंतर्गत एक राष्ट्रीय रोपवे विकास कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य संपर्क में सुधार लाना है और आने-जाने वाले लोगों के लिए सुविधा प्रदान करना है, जोकि पर्यावरण को बढ़ावा देने के अलावा है। इसमें सघन आबादी वाले ऐसे शहरी क्षेत्रों को भी शामिल किया जाएगा, जहां कि परंपरागत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था संभव नहीं है। बजट के अनुसार वर्ष 20222-23 में 60 किलोमीटर लंबाई की आठ रोपवे परियोजनाओं के लिए अनुबंध दिए जाएंगे।
एनपीएस में योगदान पर 14 फीसदी टैक्स में मिलेगी छूट
इसी तरह राज्य सरकार के कर्मचारियों को भी नेशनल पेंशन स्कीम (NPS) में योगदान पर 14 फीसदी टैक्स छूट देने का फैसला किया है। बजट में राज्य सरकार के कर्मचारियों के एनपीएस खाते में नियोक्ता के योगदान पर कर कटौती की सीमा को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया गया है। इससे राज्य सरकार के कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान सुविधा प्रदान करने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा लाभ को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
80 लाख परिवारों को पक्का घर और पानी कनेक्शन
प्रधानमंत्री आवास योजना (Prime Minister’s Housing Scheme) के तहत वर्ष 2022.23 में 80 लाख घरों को पूरा करने के लिए 48 हजार करोड़ रुपए आबंटित किए गए। हर घर, नल से जल के तहत वर्ष 2022-23 में 3.8 करोड़ परिवारों को शामिल करने के लिए 60000 करोड़ रुपए आबंटित किए गए। इन योजनाओं से भी प्रदेश को लाभ मिलेगा। वहीं, बजट में न तो आयकर स्लैब्स (Income Tax Slabs) बदला गया है और न ही कोई बड़ी छूट दी गई है। हालांकि, करदाताओं को बड़ी राहत के तौर पर दो साल में अपने रिटर्न को अपडेट करने की अनुमति दी है।
सीएम जयराम ने जताया आभार
सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) ने कहा कि पहले 10 हजार करोड़ की मदद मिलती थी, अब एक लाख करोड़ रुपए की गई है। इससे प्रदेश को अच्छी आर्थिक मदद मिलने की संभावना रहेगी। सीएम ने कहा कि इस मदद में 10 गुणा बढ़ोतरी से हिमाचल (Himachal) को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सीमा क्षेत्र में ग्रामीणों को सुविधाएं देने के लिए नई योजना शुरू करने का भी प्रदेश को लाभ मिलेगा। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में रोपवे निर्माण के लिए पर्वतमाला योजना शुरू करने की घोषणा का भी स्वागत किया। सीएम ने कहा कि हिमाचल में भी अब वन स्वीकृति जल्द मिलेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page