-
Advertisement
Panchayat Elections | Slip System | Himachal Pradesh |
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। ऐसे में पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इच्छुक उम्मीदवार ताल भी ठोक रहे हैं। वहीं, जिला सिरमौर की एक पंचायत ऐसी है, जो अन्य पंचायतों के लिए उदाहरण बनी है। यहां पंचायत चुनाव बड़ी शांतिपूर्वक व बिना किसी खर्च व प्रचार के होंगे। बात हो रही है सिरमौर के तिलौर धार विकासखंड की टिटियाना पंचायत की। यहां पंचायत प्रधान सहित वार्ड सदस्य चुनने के लिए वोट नहीं, पर्ची सिस्टम तय किया गया है। जिस भी उम्मीदवार की पर्ची निकलती है, उसे प्रधान व सदस्य चुन लिया जाता है। सभी उसे पांच साल के लिए अपना प्रतिनिधि मानते हैं। इस पंचायत में करीब 400 परिवार रहते हैं, जिसमें 2000 के आसपास मतदाता हैं। पिछली बार गांव के प्रबुद्ध लोगों ने खर्च पर लगाम लगाने के लिए अपने ईष्टदेव महासू महाराज के समक्ष फैसला लेकर कसम खाई है कि अब कोई चुनाव नहीं होगा। जानकारी के अनुसार यहां नामांकन से पहले चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों की पर्ची निकाली जाएगी। जिस भी उम्मीदवार की पर्ची निकलेगी, वही नामांकन करेगा। इसके बाद अन्य उम्मीदवार नामांकन नहीं करेंगे। ऐसे में निर्विरोध पंचायत चुन ली जाएगी।

