- Advertisement -
ऊना। हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारियों (HRTC Employees) को समय पर वेतन नहीं जारी किए जाने पर परिवहन मजदूर संघ (Parivahan Majadoor Sangh) ने कड़ा एतराज जताया है। बुधवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम की रामपुर क्षेत्र वर्कशॉप में भारतीय मजदूर संघ से संबंधित परिवहन मजदूर संघ का अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर ने की, जबकि उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री पवन कुमार और संगठन मंत्री राकेश शर्मा समेत अन्य मजदूर नेता भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान परिवहन मजदूर संघ की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया वहीं, इसके साथ-साथ परिवहन कर्मचारियों की समस्याओं पर भी विचार मंथन किया गया।
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के परिवहन निगम मजदूर संघ की जिला इकाई का अधिवेशन बुधवार को एचआरटीसी वर्कशॉप में हुआ। इस मौके पर तमाम मजदूर और कर्मचारी नेताओं ने हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को समय पर वेतन जारी नहीं किए जाने पर कड़ा एतराज जताया। मजदूर कर्मचारी नेताओं ने कहा कि कोविड-19 (Covid -19) की परिस्थितियों में भी हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों ने साहस दिखाते हुए सेवाएं प्रदान की थी।
वो ऐसा समय था जब सब कुछ बंद था और हर व्यक्ति अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता करते हुए घर में रहने को मजबूर था। उन्होंने कहा कि 2 साल तक निर्भीक सेवाओं का परिवहन प्रबंधक द्वारा यह सिला दिया जा रहा है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन ही नहीं दिया जा रहा। परिवहन मजदूर संघ के उत्तर क्षेत्र के सह संगठन मंत्री राकेश शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को समय-समय पर सरकार के समक्ष भी उठाया जाता है। आने वाले समय में भी इन मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ परिवहन मजदूर संघ जमकर हल्ला बोल करेगा।
- Advertisement -