-
Advertisement
असम की संजना ने सजाया मंडी नगर निगम का अंगना, भरे स्वच्छता के रंग
वीरेंद्र भारद्वाज/ मंडी। असम की चित्रकार संजना लामा (Assam Artist Sanjana Lama) इन दिनों मंडी नगर निगम (Mandi MC) का अंगना सजा रही हैं। वे छोटी काशी के चार स्थानों पर अपने साथी चित्रकारों के साथ निशुल्क वॉल पेंटिंग (Wall Painting) कर दीवारों पर स्वच्छता के रंग भर रही हैं। स्माइल हिमाचल संस्था के सहयोग से लोगों को दिए जा रहे संदेश के लिए मंडी नगर निगम ने शहर में 4 स्थान चिन्हित किए हैं। सेरी मंच के सामने चानणी से संजना ने वॉल पेंटिंग करना शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी पेंटिंग में गीले, सूखे और अन्य कचरे को डालने के लिए अलग अलग डस्टबिन दर्शाए गए हैं। वहीं, पर्यावरण को स्वच्छ (Clean Environment) रखने के लिए पौधारोपण कितना जरूरी है, इसका भी संदेश दिया जा रहा है।

टूरिज्म को बढ़ावा देने का अच्छा विकल्प
संजना को कैलिग्राफी (Caligraphy) का भी शौक है। वे कार्ड के जरिए कैलिग्राफी भी करती हैं। उनका मानना है हिमाचल में टूरिज्म (Himachal Tourism) को बढ़ावा देने के लिए वॉल पेंटिंग अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। आने वाले समय में वॉल पेंटिंग और स्वच्छता (Cleanliness) को लेकर हिमाचल टूरिज्म के साथ काम करने का उनका सपना भी है। नगर निगम मेयर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि आने वाले समय में नगर निगम के सभी वार्डों में इस तरह की वॉल पेंटिंग बनाई जाएगी।

