-
Advertisement
हमीरपुर में सार्वजनिक मंच से लगे सुक्खू को प्रदेश का सीएम बनाने के नारे
Last Updated on April 14, 2022 by Vishal Rana
हिमाचल कांग्रेस संगठन में फेरबदल की बात तो पिछले कुछ समय से चल रही है लेकिन सार्वजनिक रूप से इस पर किसी भी कांग्रेसी ने कोई बयानबाजी नहीं की है। आज डॉ अंबेडकर जयंती पर बचत भवन हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में ऐसा कुछ हुआ, जिससे कुछ तस्वीर साफ नजर आने लगी है। यहां पर नादौन से विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू को पार्टी का प्रदेश का नेता बनाने की मांग उठी। इतना ही नहीं कांग्रेस का नेता कैसा हो सुक्खू भाई जैसा हो, प्रदेश का सीएम कैसा हो सुक्खू भाई जैसा हो के बाकायदा नारे भी लगाए गए।
यह भी पढ़ें- हिमाचल की इस पंचायत को ‘हमारी पंचायत हमारी योजना’ में मिला देश में पहला स्थान
जिस दौरान ये नारेबाजी हो रही थी सुजानपुर के विधायक राजेन्द्र राणा, बड़सर के विधायक इंद्रदत लखनपाल, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कुलदीप पठानिया भी मंच पर मौजूद थे। जाहिर है कांग्रेस संगठन में बदलाव के साथ पार्टी के सीएम चेहरे को लेकर कई नेता दौड़ में हैं। इस बीच सुक्खू के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने खुलेआम नारेबाजी कर नई चर्चा को हवा दे दी है।विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि दुख की बात है कि प्रदेश के सरकार के मुख्य सचिव पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपी की प्रधानमंत्री जांच करने की बात कह रहे है, वहीं इन भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सीएम तक को भी कोई पता नहीं है।
कांग्रेस में 40 साल के बाद एक बदलाव किया जा रहा है
कांग्रेस संगठन में बदलाव की अटकलों को लेकर सुक्खू ने कहा कि बदलाव एक नियंत्रण प्रक्रिया है और कांग्रेस में 40 साल के बाद एक बदलाव किया जा रहा है, जिससे प्रदेश की दशा और दिशा बदलेगी। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में हाईकमान के द्वारा प्रदेश में बदलाव को लेकर चर्चा की गई है। इसके बाद नीतिगत फैसला हुआ है कि विधानसभा चुनाव में किस तरह कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी का हिमाचल में रैलियां करने पर सुक्खू ने कहा कि लोकतंत्र में हर पार्टी को रैली करने का अधिकार है उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ही देन है, जिसमें लोकतंत्र में यह सब अधिकार दिए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को बनाया है और लूटने का काम मोदी ने किया है और अब आम आदमी पार्टी बांटने का काम करने में जुट गई है।