-
Advertisement
हिमाचल 22 तोले सोना और नगदी चोरी, झूले से गिरा किशोर रीढ़ की हड्डी टूटी
हमीरपुर/ नालागढ़। हिमाचल के हमीरपुर (Hamirpur) जिला में एक बड़ी चोरी (Theft) की वारदात सामने आई है। चोर घर के ताले तोड़कर घर में रखे करीब 22 तोले सोने के गहने और साढ़े तीन लाख नगदी पर हाथ साफ कर गए। मामला सदर थाना के तहत गांव मोहिं से सामने आया है। चोरी की घटना को उस समय अंजाम दिया गया जब घर के सभी सदस्य अपने एक परिजन के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) गए हुए थे। बताया जा रहा है कि चोरी 9 जून को हुई है। लेकिन उसका पता आज बुधवार को उस समय लगा जब घर के लोग चंडीगढ़ से घर पहुंचे।
यह भी पढ़ें:हिमाचल में अब चोरी होने लगे पत्थर, 8 हजार पत्थर चोरी मामले में दो धरे
घर में बिखरे सामान को देख कर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मामले की शिकायत सदर थाना हमीरपुर में दर्ज करवाई गई है। अपनी शिकायत (Complaint) में ग्राम पंचायत बल्ह के गांव मोहिं के रानू पटियाल ने बताया कि घर से 22 तोले सोने के जेवर चोरी हुए हैं। इसके साथ ही घर में रखे साढ़े तीन लाख रुपए भी गायब हैं। उन्होंने बताया कि चोर घर के पीछे से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वहीं सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ राजेश कुमार का कहना है कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल चोरी की इस घटना में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है लेकिन पुलिस आगामी छानबीन कर रही है।
नालागढ़ में झूला टूटने से गिरा किशोर
वहीं औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ (Nalagarh) में बुधवार को हेरिटेज पार्क में झूला टूटने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में 16 वर्षीय बच्चे की रीढ़ की हड्डी टूट गई है। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हर्ष (16) हेरिटेज पार्क में झूला झूल रहा था। इसी दौरान अचानक झूला टूट गया और वह नीचे गिर गया। जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। डॉक्टरों का कहना है कि हर्ष की कमर से नीचे का हिस्सा काम नहीं कर रहा है।

