-
Advertisement
हिमाचल के कुल्लू में अढ़ाई मंजिला मकान जलकर हुआ राख, तीन परिवार हुए बेघर
कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू जिला में एक अढ़ाई मंजिला मकान (House) में आग (Fire) लग गई। इस आग की घटना से तीन परिवार सर्द मौसम में सड़क पर आ गए हैं। इस आगजनी की घटना में पीड़ित परिवारों को लाखों का नुकसान हुआ है। यह आग की घटना कुल्लू (Kullu) ज़िले के तीची में पेश आई है। वहीं गांव में सड़क सुविधा ना होने के चलते आग बुझाने में काफी दिक्कतें पेश आईं। बताया जा रहा है कि आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन मकान लकड़ी का होने के चलते आग ने कुछ ही देर में भीषण रूप ले लिया। हालांकि दमकल विभाग को भी सूचना दी गई थी। लेकिन घर पहाड़ी पर होने के चलते दमकल विभाग को पैदल चढ़ाई चढ़ कर घटनास्थल तक पहुंचने में 15 से 20 मिनट का समय लग गया। ऐसे में आग ने काफी नुकसान किया।
यह भी पढ़ें:चंबा में भीषण अग्निकांड,चार दुकानों में लगी आग ने जला डाला सारा सामान
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद घर की निचली मंजिल में गोशाला (Cowshed) बनी थी। ऊपर की मंजिल में तीन कमरे और सबसे ऊपर वाला कमरा भी जलकर राख हो गया है। इस दौरान ग्रामीणों ने गोशाला से मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि कमरे के भीतर के सामान को निकालने में लोग कामयाब नहीं हो पाए। इस आगजनी में बुद्धि सिंह, ज्ञानचंद और कमला देवी के परिवार बेघर हो गए हैं।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही शिली राजगिरी पंचायत के प्रधान डोले राम, उप प्रधान जीतराम मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। जिसके बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस दौरान प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को फौरी राहत के साथ.साथ मुआवजा दिया जाएए ताकि प्रभावित परिवारों को मुश्किल का सामना ना करना पड़े।

