-
Advertisement
Umbrellas | Panchayat Election | Voting |
हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। अधिकांश जगह सुबह सात बजे ही पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं की लंबी लंबी लाइनें लगी शुरू हो गई। वोटरों में मतदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। दोपहर तीन बजे मतदान खत्म होने के बाद प्रधान, उप प्रधान और वार्ड मेंबर की काउंटिंग शुरू होगी। बीडीसी और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को की जाएगी। राज्य की 1189 पंचायतों में आज 15 लाख 40 हजार 324 वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। वहीं, ऊना जिले में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान शनिवार सुबह सात बजे पांचों उपमंडलों में शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गया। जिले की 81 ग्राम पंचायतों में मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। खास बात यह रही कि सुबह से हुई बारिश के बीच मतदाताओं ने मौसम की परवाह किए बिना मतदान प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित की। बीते दो चरणों के मतदान के दौरान जहां भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण लोग छाते लेकर मतदान केंद्र पहुंच रहे थे, शनिवार को वही छाते बारिश से बचाव का सहारा बने। सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

