-
Advertisement
60 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चलेंगे वाहन, उल्लंघन करने पर कटेगा ऑनलाइन चालान
Last Updated on August 6, 2023 by sintu kumar
सुंदरनगर। कीरतपुर-नागचला फोरलेन पर रविवार से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत और घुमावदार फोरलेन पर सफर का आनंद लेने के साथ ही गरामोड़ा और बलोह स्थित टोल प्लाजा पर भी कार्य शुरू हो गया। रविवार से बलोह टोल प्लाजा से साढ़े बारह बजे तक छह सौ के करीब छोटे बड़े वाहन निकल चुके थे। राहत की बात यह है कि लोगों को बलोह स्थित टोल प्लाजा में गरामोड़ा टोल प्लाजा से निकलने के लिए टोल टैक्स की दरें काफी कम हैं। गरामोड़ा में जहां छोटे वाहनों के लिए एक तरह का टोल 150 रुपए और वापसी का 230 रुपए रखा गया है। वहीं बलोह में यह 65 और 95 रूपये का है।
रविवार को फोरलेन की टनलें खुलने के बाद यहां पहुंचे लोगों ने सुहाने सफर को लेकर खुशी जताई, लेकिन फोरलेन पर मात्र 60 की स्पीड रखने के निर्देश उन्हें रास नहीं आ रहे हैं। लोगों का कहना था कि बेशक हिमाचल प्रदेश में फोरलेन में काफी मोड़ हैं और लोगों की सुरक्षा को लेकर यह निर्णय लिया गया है। लेकिन फोरलेन पर चलने के लिए 60 के बजाए यह स्पीड 80 कर देनी चाहिए ताकि लोग समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
यह भी पढ़े:राहत की खबर: रविवार को ट्रायल बेस पर खुलेगा किरतपुर-मनाली फोरलेन
बलोह टोल प्लाजा में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए है 30 कैमरे
बलोह टोल प्लाजा प्रबंधक मनोज राणा ने बताया कि बलोह टोल प्लाजा में सुरक्षा की दृष्टि से 30 कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से हर आने जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा सकती है। किसी दुघर्टना या घटना के समय में इससे मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त पीटीजी जूम कैमरे भी लगाए गए हैं। इन्हें दूर से भी जूम करके गाड़ी के अंदर तक की गतिविधियों को चेक किया जा सकता है। टोल प्लाजा में 20 स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिलेगा। युवा अपने प्रमाणपत्र एनएचएआई के कार्यालय में जमा करवा रहे हैं। पूरी प्रक्रिया के बाद उन्हें नियुक्तियां दी जाएंगी। इनमें लड़कियां भी टोल के टिकट काटने के लिए रखी जाएंगी। लड़कियों की ड्यूटी सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगी। दोपहर में भोजन की व्यवस्था भी होगी।