-
Advertisement
टिकट के लिए आवेदन करना युवा कांग्रेस का अधिकार, कुछ गलत नहीं किया
शिमला। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी ( Himachal Pradesh Youth Congress President Nigam Bhandari) के खिलाफ किन्नौर कांग्रेस ने मोर्चा खोला है और उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियां करने के आरोप लगाए जा रहे हैं वहीं निगम भंडारी ने भी इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि टिकट के लिए आवेदन करना युवा कांग्रेस का भी अधिकार है और उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है। वे 5 वर्ष तक किन्नौर के लोगों के बीच रहे हैं और उनके सुख-दुख में उनके साथ खड़े हुए हैं। भंडारी ने कहा कि किन्नौर के लोगों के कहने उन्होंने आवेदन किया है, इसमें किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में यह बात कही थी कि युवाओं को विधानसभा चुनाव में आगे लाया जाएगा, जिसको देखते हुए हिमाचल में भी युवा कांग्रेस ( Youth Congress) के कई पदाधिकारियों ने टिकट के लिए आवेदन किया है, इससे किसी को भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ता तक चुनाव लड़ने का अधिकार है और वह आवेदन भी कर सकता है। किन्नौर कांग्रेस ( kinnour Congress) द्वारा जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व देख रहा है और वही उस पर निर्णय लेगा। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और किन्नौर की जनता भी जानती है कि क्या सही है और क्या गलत है। जगत सिंह नेगी कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य हैं वे उनका आदर और सम्मान करते हैं उन्हें कुछ गलत लग रहा है तो उसे नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे एक अनुशासित सिपाही की तरह काम कर रहे हैं और उनका मकसद कांग्रेस को सत्ता में लाना है। इसको लेकर एकजुट होकर कांग्रेस काम करेंगे ।


