-
Advertisement
हिमाचल के इस शहर में चौथी मंजिल पर सांड-18 घंटे चला ऑपरेशन, देखें वीडियो
सुंदरनगर। प्रदेश में सड़कों पर लावारिस घूम रहे पशुओं की समस्या लगातार लोगों की परेशानियां बढ़ा रही हैं, लेकिन आज हम आपको जो वाक्या बताने जा रहे हैं उसे देखकर आप हैरान हो जाएंगे। मामला मंडी जिला के सुंदरनगर (Sundernagar) की ग्राम पंचायत महादेव (Mahadev panchayat) का है। यहां सड़कों पर घूमने वाला लावारिस सांड एक निर्माणाधीन 4 मंजिला भवन के सबसे ऊपर वाले लेंटल पर चढ़ गया। इस अजीबोगरीब मामले का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने काफी जद्दोजहद करते हुए लगभग 18 घंटे की मेहनत के बाद सांड को नीचे उतारा। इस दौरान बेकाबू सांड एक भवन से दूसरे भवन के बीच छलांगें लगाता रहा जिससे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों के मन में एक ही प्रश्न था कि चार मंजिला इमारत की छत पर ये सांड आखिर कैसे चढ़ गया। लोगों के लिए यह बहुत ही हैरानी भरा वाक्या रहा।
यह भी पढ़ें: नशे के कारोबार में महिला तस्कर भी पीछे नहीं, शिमला पुलिस ने चिट्टे के साथ पकड़ा
जानकारी के अनुसार महादेव क्षेत्र के उत्कर्ष चौधरी अपने भवन का काम करवाया रहे थे। इसी दौरान मंगलवार देर शाम एक लावारिस सांड निर्माणाधीन बिल्डिंग (Under Construction Building) की चौथी मंजिल पर जा पहुंचा। जैसे ही स्थानीय लोगों को सांड के चौथी मंजिल पर पहुंचने की सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत उत्कर्ष चौधरी को इसकी सूचना दी। उन्होंने मौके पहुंचकर देखा कि सांड (Bull) बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर इधर-उधर घूम रहा है जैसे कि सड़कों पर आम घूमता हुआ देखा जा सकता है। शाम होने के चलते उत्कर्ष ने सोचा कि सांड खुद ही बिल्डिंग से नीचे उतर आएगा, लेकिन जब बुधवार सुबह देखा तो सांड उसी तरह भवन की चौथी मंजिल के ऊपर ही घूमता हुआ नजर आया। सुबह जब स्थानीय लोगों सहित उत्कर्ष ने सांड को भगाने का प्रयास किया तो वह साथ लगते घरों की मंजिल पर कूद गया। इस दौरान सांड ने अन्य घरों पर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा दिया। इसके बाद सांड को करीब 18 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सीढ़ियों से होते हुए निर्माणाधीन भवन की चौथी मंजिल से नीचे उतारा गया। इसके बाद ही स्थानीय लोगों सहित मकान मालिक ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें: हिमाचल का ये जिला है बेलगाम – Video में देखें कैसे एसपी को संभालनी पड़ी कमान
मकान मालिक उत्कर्ष चौधरी ने बताया कि लावारिस सांड उनकी चौथी मंजिल पर जा पहुंचा। जब सांड को भगाने का प्रयास किया गया तो सांड आसपास के घरों पर कूद गया। इस कारण लोगों के सामान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह लावारिस सांड इससे पहले भी स्थानीय लोगों के ऊपर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन व सरकार से मांग की है कि क्षेत्र में बेसहारा घूम रहे पशुओं के लिए ठोस नीति बनाई जाए।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


