-
Advertisement
हादसा नहीं, अब्दुल की हुई थी हत्या, हिमाचल पुलिस ने कब्र से शव निकाल सुलझाई गुत्थी
सोलन। हिमाचल के सोलन (Solan) जिला के बद्दी (Baddi) में सड़क किनारे खून से लथपथ मिले शव (Dead Body) मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। व्यक्ति की उसके बदायूं के पड़ोसी दो लोगों ने ही बड़ी ही बेरहमी से हत्या की थी। यह शव पिछले शुक्रवार को मिला था। ऐसा लग रहा था कि व्यक्ति की एक दुर्घटना में जान गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव सोमवार को मृतक के परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने यूपी (UP) के बदायूं के लक्ष्मीपुर गांव में शव को दफना दिया। इस सब के बीच हिमाचल पुलिस ये मानने को तैयार नहीं हो रही थी कि व्यक्ति की मौत एक दुर्घटना है। क्योंकि पुलिस को जब शव मिला था तो उस समय उसका सिर बुरी तरह कुचल हुआ था। जिसके चलते पुलिस ने मामले की जांच जारी रखी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: कांच की बोतल पेट में घोंपकर और गला रेत की थी युवक ही हत्या
मगर पुलिस को कोई सबूत नहीं मिल रहा था। पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी (CCTV) खंगालना शुरू किया। जिससे पुलिस को पता चला कि दो लोग मृतक अब्दुल को बाइक पर ले जा रहे हैं। पुलिस ने जहां अब्दुल का शव मिला थाए उसके पास एक पेट्रोल पंप के 22 जुलाई की रात के फुटेज को खंगाला तो देखा कि बाइक (Bike) पर तीन लोग हैं, जिसमें अब्दुल भी शामिल था, जो साइट की तरफ जा रहे थे। बाद में जब उन्हें पीछे की तरफ आते देखा गया तो अब्दुल उनके साथ नहीं था। इसी के चलते पुलिस ने अब्दुल का शव कब्र से निकालने और दोबारा पोस्टमार्टम करवाने का फैसला लिया।

हिमाचल पुलिस ने बदायूं में जाकर कब्र से निकाला शव
बद्दी के एसपी रोहित मालपानी ने एक टीम को उत्तर प्रदेश के बदायूं भेजा। वहां डीएम (DM) से शव को कब्र से निकालने की अनुमति मांगी गई। अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकाल कर जोनल अस्पताल में मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गयाए इसमें यह बात सामने आ गई कि उसकी मौत गोली लगने की वजह से हुई थी। दूसरे शव परीक्षण (Postmortem) में उसके गले में एक गोली भी मिली। जो पहली बार छूट गई थी। गोली मिलने के बाद ये साफ़ हो गया कि अब्दुल की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक पर सवार उन दो लोगों की पहचान की और उन्हें भी गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपी मृतक के पड़ोसी
यह दोनों लोग यूपी में अब्दुल के पड़ोसी हैं। उनकी पहचान 21 वर्षीय मोहम्मद शाहिद और 23 वर्षीय मोहम्मद फैजान के रूप में हुई। पुलिस ने इन्हें भी गिरफ्तार किया और पूछताछ की। जिसमें उन्होंने कबूल किया कि अब्दुल को मारने के लिए उन्हें शमशुल ने काम पर रखा था। पुलिस ने बताया कि शमशुल पर अब्दुल का पैसा बकाया है। उस पर चल रहे विवाद से निपटने को तैयार ना होने पर उसने उसकी हत्या कर दी। एसपी रोहित मालपानी ने बताया कि शमशुल को भी गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने की धाराओं को भी शामिल किया जा सकता है। कुल मिलाकर बद्दी पुलिस के प्रयास से 27 साल के अब्दुल को इंसाफ मिल जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

