-
Advertisement
सदन में बोले मुकेश: 69 एनएच की घोषणाएं अभी तक नहीं हुईं पूरी, सीएम मांगे माफी
शिमला। हिमाचल विधानसभा (Himachal Vidhansabha) के बजट सत्र में आज पूरी तरह से शांति बनी रही। आज विपक्ष ने भी किसी तरह का ज्यादा हो हल्ला नहीं किया। इसका एक कारण पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव रिजल्ट भी माने जा रहे हैं। हालांकि एक समय में सदन में सीएम जयराम ने विपक्ष के शांत रहने पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि आज पांच राज्यों के चुनाव परिणाम घोषित हो रहे हैं। परिणाम कांग्रेस के अनुसार नहीं दिख रहे हैं, ऐसे में आज चुप्पी अधिक है। सीएम जयराम ने कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए हंसते हुए कहा कि पंजाब का हमें दुख है। चन्नी और सिद्धू साहब भी हार रहे हैं।
यह भी पढ़ें:मुकेश बोले: ज्यादा खुशी ना मनाएं सीएम, टेंपरेरी है ये जश्न; हिमाचल में आएगी कांग्रेस
सीएम जयराम ठाकुर आज सदन में मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) द्वारा उठाए गए नेशनल हाईवे निर्माण के मामले का जवाब दे रहे थे। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 69 नेशनल हाईवे बनाने की प्रक्रिया कोरोना महामारी के चलते लंबित हुई है। अब केंद्र सरकार को 9 नेशनल हाईवे (NH) बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा है। इन पर तेजी से काम चलेगा। इससे पहले प्रश्नकाल के दौरान नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने वर्ष 2016 में हुई एनएच घोषणाओं के अभी तक पूरा नहीं होने पर सीएम जयराम (CM Jai Ram Thakur) से विधानसभा सदन में माफी मांगने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में विधानसभा चुनाव से पहले पगडंडियों को भी नेशनल हाईवे घोषित कर दिया था। सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए ये घोषणाएं की गईं।
जवाब में सीएम ने कहा कि जब 69 एनएच की डीपीआर (DPR) बनाई जाने लगी तो केंद्र सरकार की ओर से बताया गया कि इसकी गाइडलाइन बदली जा रही है। इसके बाद नई गाइडलाइन के अनुसार ही डीपीआर बनाई जाए। इसी बीच देश में कोरोना संकट से कामकाज प्रभावित हुआ। आर्थिकी को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। प्रदेश की ओर से चरणों में एनएच को मंजूरी देने के लिए कहा गया। कई बार दिल्ली जाकर इस मामले को प्रमुखता से उठाया गया है। पहले 25 फिर नौ एनएच का चयन कर इन्हें प्राथमिकता में रखने का केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page



