-
Advertisement
केंद्र की मदद के बिना हिमाचल पर आपदा की भरपाई आसान नहीं: प्रतिभा सिंह
आनी (छबिन्द्र शर्मा)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह (HPCC President and Mandi MP Pratibha Singh) ने शनिवार को आनी विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद कहा कि राज्य पर बरसी प्राकृतिक आपदा को बयां करना मुश्किल है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल को अपना दूसरा घर बताने वाले प्रधानमंत्री ने न तो इस आपदा पर सांत्वना के दो शब्द बोले और न ही कोई आर्थिक सहायता जारी की है। बिना केंद्र सरकार की सहायता के इसकी भरपाई करना आसान नहीं है।
उन्होंने एक प्रेस वार्ता में कहा कि इस आपदा ने हिमाचल प्रदेश (Rain Disaster In Himachal Pradesh) को बरसों पीछे धकेल दिया है। प्रदेश सरकार ने प्रभावितों को जो अभी तक सहायता राशि जारी की है, वह सिर्फ टोकन है। जल्द ही सरकार विस्थापित परिवारों को पुनर्स्थापित करने का प्रयास करेगी और जो भूमिहीन हुए हैं, उन्हें भूमि मुहैया करवाएगी।
यह भी पढ़े:भारत को एकजुट करने बना है इंडिया गठबंधन: प्रतिभा सिंह
गारंटी से मुकरी नहीं है सरकार
सांसद प्रतिभा सिंह ने 10 गारंटी (10 Guarantee) के जवाब में कहा कि कांग्रेस सरकार इनसे मुकर नहीं रही है, बल्कि अब प्राथमिकता पहले प्रदेश को आपदा से उबारने की है। आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह फैसला हाईकमान करेगा। अभी इसके बारे में कुछ भी कहना उचित नहीं है। एनएच 305 (NH 305) को लेकर उन्होंने कहा कि यह पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह का सपना था, जिसे पूरा करने के लिए वे जल्द ही सड़क एवं परिवहन मंत्री से बात करेंगी।
पीड़ित परिवार से की मुलाकात
इस दौरान उन्होंने आनी खण्ड की पोखरी पंचायत के निंगलु गांव में 14 अगस्त को भूस्खलन की चपेट में आकर मारे गए एक ही परिवार के 3 सदस्यों के परिजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना दी और हरसम्भव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने आनी में लोगों की समस्याएं सुनीं। सुरेंद्र ठाकुर ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल लगौटी के खतरे की जद में आये भवन के शीघ्र निर्माण का मामला और पीएचसी लगौटी में स्टाफ न होने का मामला सांसद के समक्ष रखा। इस पर सांसद ने जल्द कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


