-
Advertisement
धर्मशाला: वर्ल्ड कप की पार्किंग ने दशहरे के आयोजन पर चलाई कैंची!
धर्मशाला (पंकज नरयाल)। धर्मशाला में चल रहे आईसीसी वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच (ICC World Cup 2023) के लिए यहां के पुलिस ग्राउंड (Police Ground) पर बनाई गई पार्किंग (Parking) ने इस साल दशहरे के आयोजन पर कैंची चला दी है। धर्मशाला में 22 अक्टूबर को भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहम मुकाबला होना है। दशहरा (Dussehra) 24 अक्टूबर को है। ऐसे में पुलिस ग्राउंट को दशहरे के लिए खाली कराने में चंद घंटे के समय को देखते हुए दशहरे के आयोजन को छोटा किया जाएगा।
इसका मतलब यह होगा कि दशहरे पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे, क्योंकि इसके लिए व्यापक तैयारी की जरूरत होती है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के चलते दशहरे के आयोजन पर इसका प्रभाव दिखेगा। एसडीएम धर्मशाला ने बताया कि वर्ल्ड कप के चलते पुलिस ग्राउंड को मुख्य पार्किंग बनाया गया है, जहां पर 1000 के करीब गाड़ियों को खड़ा करने की व्यवस्था है। धर्मशाला में चल रहे मैचों के कारण टूरिस्ट यहां की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में दशहरे में इस बार अधिक दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए ज़िला प्रशासन हर तरह से अपनी तैयारियां मुकम्मल करने में जुटा हुआ है।
यह भी पढ़े:भारत-न्यूजीलैंड धर्मशाला मैच में खलल डाल सकता है मौसम, कैसे रहेंगे मिजाज -पढ़े यहां
कैसी रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
वहीं एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि जिस प्रकार से 22 तारीख के मैच के बाद यहां पर दशहरे का आयोजन होने जा रहा है, इसे देखते हुए टूरिस्ट (Tourists) को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स धर्मशाला (Dharamshala) में मौजूद है। दशहरे के चलते पार्किंग की समस्या हो सकती है, परंतु पुलिस प्रशासन हर प्रकार से अनुशासन बनाने में तत्पर रहेगा।

