-
Advertisement
HRTC: अब बसों में सेब की फुल पेटी और 3 लैपटॉप फ्री, बदली लगेज पॉलिसी
शिमला। तगड़े विरोध के बाद HRTC ने अपनी लगेज पॉलिसी (Luggage Policy) फिर बदली है। अब बसों में सवारी के साथ सेब की आधे की बजाय फुल पेटी फ्री (Full Carton Of Apple) जाएगी। वहीं, सवारी के साथ 2 की जगह अब 3 लैपटॉप (Laptop) फ्री रहेगा। HRTC की नई अधिसूचना के मुताबिक अब सवारी के साथ सेब की पूरी पेटी ले जाने पर भी किराया नहीं लिया जाएगा। पहले सेब का एक हाफ बॉक्स (Half Box) सवारी के साथ फ्री था। लेकिन पूरी पेटी का हाफ टिकट रखा गया था। अब सेब की पूरी पेटी सवारी के साथ फ्री है। सवारी के साथ एक से ज्यादा सेब की फुल पेटियां होने पर आधा टिकट कटेगा। बिना सवारी के सेब की पेटी पर पूरा टिकट कटेगा। HRTC की बसों में अखबारों के बंडल (Newspaper Bundle) ले जाने की भी मनाही नहीं है।
सवारी के साथ 3 लैपटॉप फ्री
सवारी के साथ अब 3 लैपटॉप बिना किराए के ले जा सकते हैं। पहले सवारी के साथ सिर्फ 2 लैपटॉप मुफ्त थे। बिना सवारी के एक लैपटॉप का फुल टिकट ही काटा जाएगा।
इन चीजों को ले जाने की मनाही
संशोधित पॉलिसी में HRTC ने उन चीज़ों की सूची भी शामिल की हैं, जिन्हें HRTC बस में ले जाने की मनाही है। पहले इनमें 26 वस्तुएं शामिल थीं। अब इनकी संख्या 27 हो गई है। अब एलपीजी गैस के खाली सिलेंडर (LPG Cylinder) भी HRTC की बसों में नहीं ले जा सकते हैं। इसके अलावा पेट्रोल डीजल, गैसोलीन, केरोसीन, एसिड, कोलटार, सल्फर, गन पाऊडर, पटाखे और नशीली वस्तुओं को प्रतिबंधित किया गया है।