-
Advertisement
ओमान में फंसी शाहपुर की पवना, विदेश मंत्रालय के समक्ष सीएम उठाएंगे मामला
रविंद्र चौधरी/धर्मशाला। शाहपुर के कुठारना की रहने वाली एक 24 वर्षीय लड़की पवना (Pavana) 16 दिसंबर, 2023 को घरेलू काम के लिए दुबई गई थी, उसके बाद कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं था। लेकिन बीती रात उसने अज्ञात नं. से फोन कर अपने परिजनों को बताया है कि उसकी जान खतरे में है। 7-8 लड़कियों के साथ उसे ओमान (Oman) ले जाया गया है। उसे एजेंट ने धोखा दिया और अब वह गहरी मुसीबत में है। यह मामला शाहपुर से कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया ने आज दिल्ली में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhvinder Singh Sukhu) के समक्ष उठाया।
पासपोर्ट और मोबाइल छीन लिया
उन्होंने बताया कि लडकी के किसी परिचित ने पठानिया (Pthania) से संपर्क किया है जिसके बाद उन्होंने इस संबंध में तत्काल हस्तक्षेप के लिए सीएम को एक पत्र सौंपा। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली लड़की ने 16 दिसंबर को दिल्ली में विमान में चढ़ने के बाद अपने भाई से वीडियो कॉल की थी। उसके बाद बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा। कल रात ही, परिवार को अज्ञात नंबर से वॉयस मैसेज मिला जिसमें लड़की ने कहा कि उसे और 7-8 और लड़कियों को ओमान ले जाया गया है और उनकी जान खतरे में है। लड़की ने कहा कि उसका पासपोर्ट और मोबाइल भी कुछ लोगों ने छीन लिया है।
कांगड़ा पुलिस में शिकायत दर्ज
पवना के भाई ने कांगड़ा जिले की पुलिस (Kangra Police) में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी बहन को एजेंट ने धोखा दिया है और उसकी जान को खतरा है। पठानिया ने कहा कि ‘मैंने पूरा मामला सीएम के संज्ञान में ला दिया है। सीएम ने कहा कि वह इस मुद्दे को विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को भी इस मामले को तत्काल देखने का निर्देश दिया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


