-
Advertisement
डिप्टी सीएम और एमएलए राकेश कालिया को जान से मारने की धमकी, हरोली थाने में मामला दर्ज
Himachal News: डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस विधायक राकेश कालिया को जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने एक शिकायत के बाद देर रात मामला दर्ज कर दिया है। शिकायत मिलने के बाद हरोली पुलिस धमकी देने वालों का पता लगाने में जुट गई है।

हरोली निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि किसी ने अमरीश राणा की गिरफ्तारी से जुड़ा फेसबुक पोस्ट किया था। इस पर 19 जून को दिलीप कुमार नाम का सोशल मीडिया यूजर लिखता है दोबारा तलवार की मांग कर रही है पब्लिक।इस पर शार्प शूटर नबाईं वाला सोशल मीडिया यूजर ने लिखा -इस बार किसी पॉलीटिशियन पर ही चलेगी। आगे रनदीप ठाकुर नाम का सोशल मीडिया यूजर पूछता है कि किस जुर्म में.. इस पर शार्प शूटर नबाईं वाला लिखता है वो डिप्टी और विधायक राकेश कालिया ही जाने। इसके बाद अरुण कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजनीतिक हलकों में तनाव का माहौल
दोनों नेता ऊना जिला से संबंध रखते हैं। मुकेश अग्निहोत्री ऊना के हरोली से विधायक है, जबकि राकेश कालिया गगरेट विधानसभा से उप चुनाव में जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। इस खुलेआम धमकी के बाद से राजनीतिक हलकों में तनाव का माहौल है। उधर, पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया अकाऊंट्स की छानबीन कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन धमकी देने वाले यूजर्स का अमरीश राणा से कोई सीधा संबंध है। मामले में आगे की जांच जारी है।
सुनैना जसवाल

