-
Advertisement
पठानकोट-मंडी हाईवे पर ढक्की के पास लैंडस्लाइड: ठप रहा ट्रैफिक, जाम में फंसी स्कूल बसें और एंबुलेंस
Pathankot-Mandi NH landslide: भारी बारिश के चलते पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-154) पर शुक्रवार सुबह यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। नूरपुर के ढक्की के समीप सुबह करीब 8 बजे अचानक पहाड़ी से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गिरा, जिससे हाईवे पर लगभग डेढ़ घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही।सड़क पर मलबा आने के कारण दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। छुट्टियों के बाद पहले ही दिन स्कूल जा रहे बच्चों की बसें और आपातकालीन सेवा में लगी एंबुलेंस भी इस लंबे जाम में फंस गईं, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तंग बाजारों में भी चरमराई यातायात व्यवस्था
हाईवे पर जाम लगता देख कई वाहन चालकों ने नूरपुर शहर के तंग मुख्य बाजार से होकर निकलने का प्रयास किया। देखते ही देखते दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही बढ़ गई, जिससे शहर के भीतर भी ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। बाजार में जाम लगने के कारण पैदल राहगीरों को भी आने-जाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
लोगों की मदद और JCB से हटाया गया मलबा
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर वाहनों को निकालने का प्रयास किया। हालांकि, हाईवे पर लगे लंबे जाम की वजह से मलबा हटाने आ रही जेसीबी (JCB) मशीन को मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से मलबे को साफ किया जा सका, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू हो पाया।
स्थानीय लोगों की मांग: क्षेत्रवासियों का कहना है कि ढक्की के समीप इस पॉइंट पर बारिश के दौरान बार-बार मलबा गिरता है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील स्थान पर जल्द से जल्द कोई स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि हर बरसात में लोगों को इस तरह की परेशानी से न जूझना पड़े।
ऋषि महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
