-
Advertisement
मनाली-लेह हाईवे पर दर्दनाक हादसा: सिस्सू सेल्फी प्वाइंट के पास खाई में गिरी कार, 2 लोगों की मौ#त, 3 घायल
Himachal Accident: मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-03) पर लाहौल उपमंडल के सिस्सू सेल्फी प्वाइंट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। गोंधला की ओर जा रही एक कार (HP-31C-1662) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। कार में कुल 5 लोग सवार थे। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) केलांग से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस दुर्घटना में मंडी जिले के दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मौके पर एक की मौत, घायलों को लाया गया RH केलांग
ग्राम राजस्व अधिकारी (VRO) सिस्सू से मिली जानकारी के मुताबिक, 20 सितंबर को हुए इस हादसे में कार सवार सुरेश (पुत्र तोता राम, निवासी डाकघर बडियाल, तहसील भल, जिला मंडी) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चार अन्य घायलों को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के माध्यम से क्षेत्रीय अस्पताल केलांग (RH Keylong) पहुंचाया गया।
कुल्लू अस्पताल में इलाज के दौरान दूसरे घायल ने तोड़ा दम
मौके पर तैनात पुलिस जांच अधिकारी (IO) और पटवार सर्किल सिस्सू से मिली सूचना के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों—बबलू, मोहन सिंह और पवन कुमार की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू (RH Kullu) रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान बबलू (पुत्र हल्कू राम, निवासी डाकघर मंडी) ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 2 हो गई है।
मृतकों और घायलों की पूरी सूची
हादसे में सुरेश पुत्र तोता राम, निवासी डाकघर बडियाल, तहसील भल, जिला मंडी की मौके पर मौत हो गई जबकि बबलू पुत्र हल्कू राम, निवासी डाकघर मंडी ने कुल्लू में इलाज के दौरान दम तोड़ा। इसके अलावा मोहन सिंह पुत्र सेवक राम, निवासी चुवाड़ी, डाकघर राजगढ़, तहसील भल, जिला मंडी, पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास, निवासी डाकघर टिक्कर, तहसील भल, जिला मंडी ,निखिल पुत्र रमेश चंद, निवासी डाकघर सकरोआ, तहसील भल, जिला मंडी का असप्ताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुआ।
तुलसी बाबा
