-
Advertisement
2027 में फिर बनेगी कांग्रेस सरकार, असम के सीएम को भी देंगे शपथ ग्रहण का न्योता; सीएम सुक्खू का पलटवार
CM Sukhwinder Singh Sukhu: दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली से शिमला लौटे सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के 2027 में हिमाचल में बीजेपी की सरकार बनने का दावा पर कड़ा पलटवार किया है। मीडिया से बातचीत को दौराम सीएम सुक्खू ने कहा कि असम के सीएम ने अपने संबोधन में हिमाचल के अगले शपथ ग्रहण समारोह में आने की बात कही थी। इस पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा, “जब हिमाचल में अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो शपथ ग्रहण समारोह में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किया जाएगा और असम के सीएम को भी निमंत्रण भेजा जाएगा। प्रदेश में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनना तय है।”
बीजेपी 5 गुटों में बंटी, इसलिए बुलाना पड़ा बाहर का नेता
सीएम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल भाजपा कुल पांच अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। यही मुख्य वजह है कि इन गुटों को एकजुट करने के लिए पार्टी को असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को हिमाचल लाना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस फिर से पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और बीजेपी को पिछली बार से भी कम सीटें मिलेंगी। सीएम ने यहां तक कहा कि बीजेपी के 16 विधायक आज ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि वे दोबारा चुनाव जीत सकें।
RDG बंद होने के बावजूद मजबूत है आर्थिक स्थिति
प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि पिछले 75 वर्षों से मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (RDG) की राशि बंद होने के कारण बजट में 8 से 10 हजार करोड़ रुपये की कमी आई है। इसके बावजूद, सरकार ने बेहतरीन वित्तीय प्रबंधन करते हुए आर्थिक चुनौतियों का डटकर सामना किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तमाम मुश्किलों के बीच भी कर्मचारियों को 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) देने का कार्य किया है।
‘हिमाचल की संपदा को लुटने नहीं देंगे’
प्रदेश के संसाधनों पर बात करते हुए सीएम सुक्खू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दो टूक कहा, “हिमाचल की जो संपदा है, उसे न तो हम लुटने दे रहे हैं, न लूट रहे हैं, और न ही लुटने देंगे।” इसके अलावा, दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई विपक्ष की रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनता की आवाज मजबूती से उठा रहे हैं।
संजू चौधरी
