-
Advertisement
सरकाघाट में दर्दनाक हादसा: पुल से खड्ड में गिरी कार; होमगार्ड जवान की मौ#त, DSP का गनमैन गंभीर
Himachal Accident: सरकाघाट में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। थाना हटली के अंतर्गत जबोठी खड्ड के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कार सवार होमगार्ड जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डीएसपी (DSP) का गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति DSP के चालक की बेटी की शादी समारोह से देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जबोठी खड्ड के पास बने पुल पर कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे खड्ड में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शी पंप ऑपरेटर राजेश कुमार ने बताया कि वे 11 नवंबर की रात लगभग 9:30 बजे से अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 12:30 बजे उन्हें पुल के पास खड्ड में गाड़ी के गिरने की जोर से आवाज सुनाई दी। जब वे तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि गाड़ी की अगली सीट पर दो लोग बुरी तरह घायल पड़े थे। कार को संजय कुमार चला रहे थे और साथ वाली सीट पर जयपाल सवार थे।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दोनों को 108 एम्बुलेंस और सरकारी वाहन के जरिए नागरिक अस्पताल बलद्वारा पहुंचाया गया। मृतक की पहचान जयपाल (पुत्र प्रभु), निवासी ग्राम व डाकघर भद्रवाड़, तहसील सरकाघाट (होमगार्ड जवान) के रूप में हुई है, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संजय कुमार (पुत्र ज्ञान चंद), निवासी गांव स्याठी, डाकघर लौंगणी, तहसील धर्मपुर (DSP के गनमैन) घायल है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
राहुल कुमार
