-
Advertisement
Kangra: उचित मूल्य की दुकानों के लिए 18 जून तक ऐसे करें आवेदन
धर्मशाला। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक (District Food Supply Controller) ने जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला (Dharamshala) में कोतवाली बाजार, सिविल लाइन, शामनगर में उचित मूल्य की दुकान आवंटित की जानी हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त विकास खंड देहरा (Development Block Dehra) की ग्राम पंचायत मझीण के जमण मैरा और ग्राम पंचायत मूहल के हरड़ ठाकुरद्वारा स्थानों पर भी उचित मूल्य की दुकानें आवंटित की जानी हैं। उन्होंने बताया कि उपरोक्त स्थानों पर उचित मूल्य की दुकान खोलने हेतु इच्छुक सहकारी सभा/शारीरिक रूप से अपंग व्यक्ति जो कि उचित मूल्य की दुकान का कार्य ठीक प्रकार से करने में सक्षम हों, भूतपूर्व सैनिक, शिक्षित बेरोजगार व्यक्ति जिसके परिवार से कोई भी सदस्य नियमित रोजगार में ना हो (ग्राम पंचायत का प्रधान/उप प्रधान/वार्ड सदस्य/ज़िला परिषद के वार्ड सदस्य, नगरपालिका समिति/नगर निगम का पार्षद, विधानसभा का सदस्य ना हो), से उचित मूल्य की दुकान आबंटन हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल की उचित मूल्यों की दुकानों में जल्द शुरू हो आईआरआईएस सुविधा
आवेदन की आयु 18 से 45 वर्ष होनी चाहिए। इच्छुक उम्मीदवार 18 जून तक जिला नियंत्रक, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कांगड़ा स्थित धर्मशाला के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदकों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता (Minimum Educational Qualification) दसवीं है। आवेदन पत्र के साथ मैट्रिक का प्रमाण पत्र, वित्तिय स्थिति से संबंधित दस्तावेज, आवेदक भूतपूर्व सैनिक/शिक्षित बेरोजगार होने की स्थिति में स्वयं तथा परिवार के किसी भी सदस्य के नियमित रोजगार में ना होने संबंधी प्रमाण पत्र और दुकान की उपलब्धता एवं भडांरण क्षमता संबंधी दस्तावेज की प्राधिकृत अधिकारी से सत्यापित प्रतियां संलग्न की जानी अनिवार्य है, जिनके बिना आवेदन अस्वीकृत कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उच्च शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र यदि आवेदक बीपीएल (BPL), एससी, ओबीसी (OBC), एसटी (ST) परिवार से संबंध रखता है तो इस संदर्भ में प्रमाण पत्र, भूतपूर्व सैनिक प्रमाण पत्र, अपंगता प्रमाण पत्र, यदि आवेदक उसी वार्ड का है, जिसमें उचित मूल्य की दुकान खोली जानी प्रस्तावित है तो इस संबंध में ग्राम पंचायत द्वारा जारी प्रमाण पत्र, विधवा, एकल नारी से संबंधित दस्तावेज जो भी उपलब्ध हों, की प्राधिकृत अधिकारी से सत्यापित छायाप्रतियां भी आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना सुनिश्चित करें ताकि मेरिट तय की जा सके।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel

