-
Advertisement
सीएम सुक्खू बोले: नौकरियों में नहीं चलेगा भाई-भतीजावाद, 60 दिन में साफ हो जाएगी स्थिति
Last Updated on December 28, 2022 by saroj patrwal
शिमला। हिमाचल में अगले 60 दिन में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाई जाएगी। रोकी गई भर्तियां कैसे करवाई जाएंगी, इस पर भी जल्द ही फैसला लिया जाएगा, ताकि युवाओं का भविष्य दांव पर ना लगे। यह बात जेओए आईटी पेपर लीक मामले (JOA IT Paper Leak Case) पर मंगलवार को सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने मीडिया को संबोधित करते हुए कही। सुक्खू ने कहा कि जेओए आईटी के अलावा दो अन्य पेपर भी लीक हुए है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक में पकड़ी गई महिला के घर पर जूनियर ऑडिटर और कंप्यूटर ऑपरेटर का प्रश्न पत्र मिले हैं। इन दोनों परीक्षाओं की तिथियां अभी घोषित नहीं हुई थीं। इस सब को देखते हुए ही सरकार ने कर्मचारी चयन आयोग (HPSSC) के फंक्शनिंग को सस्पेंड कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले की पूरी छानबीन करवा रही है। दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में अभी और कई बड़े खुलासों की भी सीएम सुक्खू ने बात कही है।
यह भी पढ़ें:HPSSC पर कार्रवाई से अभ्यर्थी खुश, सीएम सुक्खू से मिल लगाई ये गुहार
सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार को नौकरियों में भ्रष्टाचार की सूचना थी। जिसके चलते 12 दिसंबर को अधिकारियों की एक बैठक बुलाई गई थी। जिसमें इस मामले पर नजर रखने को कहा गया था। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जाल बिछाया और इस मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कि 23 दिसंबर को विजिलेंस ने एफआईआर (FIR) दर्ज की। शिकायतकर्ता के बाद उमा आजाद के घर छापामारी की। जहां से जेओए आईटी का पेपर 25 दिसंबर को होना था, उसके प्रश्न पत्र मिले। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। जो भी मामले में दोषी पाया जाएगा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार (Congress Govt) पूर्व की बीजेपी सरकार की तरह आंख मूंदे नहीं बैठी रही। पूर्व की बीजेपी सरकार ने अपने कार्यकाल में 14 लाख युवाओं के साथ धोखा किया है।
जल्द शुरू होंगी नई भर्तियां
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार युवाओं के साथ किसी तरह का धोखा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि अब तक जो भी घोटाले नौकरियों से संबंधित हो रहे हैं, या पहले हुए हैं सभी को सामने लाया जाएगा। इस पर हमारी सरकार ने काम शुरू कर दिया है। आने वाले समय में भर्तियां पारदर्शिता से की जाएंगी और भर्तियों (Recruitment) में किसी तरह का कोई भाई-भतीजावाद नहीं होगा। वहीं सीएम सुक्खू ने कहा कि अगले 60 दिन में यह तय कर लिया जाएगा कि जो भर्तियां रद्द हुई हैं और जो आगे होनी हैं वह कैसे और किसके माध्यम से करवाई जाएं। इसके साथ ही नई भर्तियां भी जल्द शुरू करेंगे। इस अवसर पर प्रोटेम स्वीकर चंद्र कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता व विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, हरीश जनारथा, मीडिया सलाहकार नरेश चौहान व अन्य मौजूद रहे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group