-
Advertisement
हिमाचल: शिवालयों में भक्तों का लगा तांता, हर तरफ सुनाई दे रही बम-बम भोले की गूंज
ऊना। आज श्रावण मास का पहला सोमवार है। इसे ज्येष्ठ सोमवार भी माना जा रहा है। आज जिला ऊना के तमाम शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने बम-बम भोले के खूब जयकारे लगाए। भक्त सुबह से ही मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गए थे। ऊना जिला मुख्यालय के साथ लगते कोटला कलां में स्थित प्राचीन महादेव मंदिर में भी सुबह तड़के ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। यहां श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया और मंदिर परिसर में स्थापित 81 फीट ऊंची भगवान शिव (Lord Shiva) की मूर्ति के भी दर्शन किए।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष ने मतपत्र से चुनाव करने की उठाई मांग, कहा-EVM पर नहीं यकीन
बता दें कि जिला भर के प्राचीन शिवालयों में मेलों जैसा माहौल देखने को मिला। तमाम धार्मिक स्थल हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहे। इस उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह लंगर भंडारों का भी आयोजन किया गया। प्राचीन महादेव मंदिर आश्रम अधिष्ठाता स्वामी मंगलानंद महाराज ने कहा कि सानिध्य में श्रावण माह के उपलक्ष्य में विशेष मेले का आयोजन किया जा रहा है। महादेव मंदिर में श्रावण माह के उपलक्ष्य में जहां विशेष पूजा अर्चना की जा रही है वहीं अनवरत भंडारे का भी श्रद्धालुओं के लिए आयोजन किया गया है।

श्रद्धालुओं को श्रावण (Saavan) माह की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उनके मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान शंकर की दी हुई शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करते हुए परोपकार की भावना से पीड़ित मानवता की सेवा करें। सत्य सनातन धर्म की मजबूती के लिए सभ्यता और संस्कृति को संजोए। वहीं, मंदिर में आए श्रद्धालुओं ने श्रावण मास में भगवान शंकर और शिव परिवार की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व बताया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि वे कई साल से महादेव मंदिर में आ रहे हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


