-
Advertisement
हिमाचल: स्वास्थ्य विभाग का कारनामा: मृतक व्यक्ति को दे दी प्रमोशन, 15 दिन में ज्वाइनिंग के आदेश
नाहन। हिमाचल के स्वास्थ्य विभाग (Health Department) का एक बड़ा कारनामा सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग ने एक मृतक व्यक्ति (Deceased Person) को ना सिर्फ पदोन्नत (Promotion) कर दिया, बल्कि उसे अगले 15 दिन में ज्वाइनिंग देने का फरमान भी जारी कर दिया। मामला सिरमौर जिला से सामने आया है।
यह भी पढ़ेंः हिमाचल: सीएम जयराम ने फिर बुलाई कैबिनेट बैठक, इन फैसलों पर हो सकती है चर्चा
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने जिस स्वास्थ्य कर्मी (Health Workers) को पदोन्नति दी है उसकी मौत तीन माह पूर्व हो चुकी है। मृतक व्यक्ति को विभाग ने हेल्थ सुपरवाइजर के पद से पदोन्नत कर हेल्थ एजुकेटर लगा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक स्वास्थ्य कर्मी शशिपाल डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कालेज (Dr. YS Parmar Medical College) नाहन में हेल्थ सुपरवाइजर के पद पर तैनात था। जिसे अचानक तीन माह पहले हार्ट अटैक आने से मौत हो गई।
हालांकि उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने शशिपाल की मौत की सूचना मुख्यालय को भेज दी, लेकिन अब मृतक शशिपाल के पदोन्नति के आदेश जारी हो गए हैं। आदेशों के अनुसार उन्हें पदोन्नत कर हेल्थ एजुकेटर बनाया गया है और उन्हें जिला किन्नौर (Kinnaur) के रीजनल अस्पताल रिकांगपिओ में 15 दिन के अंदर ज्वाइनिंग करने के आदेश जारी किए गए हैं।
बता दें कि शशिपाल मेडिकल कालेज नाहन में काफी समय से हेल्थ सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत से विभाग और स्वजन आश्चर्यचकित थे। वहीं उधर, जब इस संदर्भ में डॉ वाईएस परमार मेडिकल कालेज नाहन के कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. श्याम लाल कौशिक से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है।

