-
Advertisement
Johnson and Johnson बेबी पाउडर पर लग सकता है बैन, बन रहा कैंसर की वजह
जल्द ही पूरी दुनिया में पॉपुलर कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन (Johnson and Johnson) पर बैन लग सकता है। दरअसल, जॉनसन एंड जॉनसन के बेबी पाउडर पर कैंसर पैदा करने वाले तत्व पाए गए हैं। जिसकी वजह से कंपनी के लिए परेशानियां खड़ी हो गई है। कंपनी ने करीब दो साल पहले अमेरिका और कनाडा में पहले ही इसकी बिक्री बंद कर दी है।
यह भी पढ़ें- इस खास तरह के इम्प्लांट से सिरदर्द हमेशा के लिए होगा खत्म, ऐसे करेगा काम
उल्लेखनीय है कि इस पाउडर की वजह से महिलाओं को कैंसर होने के 34 हजार मुकदमे जॉनसन एंड जॉनसन पर चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अमेरिका में इस पाउडर में एस्बेस्टस का एक प्रकार क्त्रिस्सोटाइल फाइबर मिला था, जिसके बाद इससे कैंसर की आशंका जताई गई। साल 2020 ने इस पर कंपनी ने सेल घटने का बहाना बना अमेरिका और कनाडा में बेबी पाउडर बेचना बंद कर दिया, लेकिन ब्रिटेन समेत दुनिया के बाकी देशों में इसे अभी भी बेचा जा रहा है।
अब ब्रिटेन में एक निवेश प्लेटफॉर्म ट्यूलिप शेयर ने कंपनी के शेयरधारकों की ओर से यह बिक्री रोकने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। शेयरधारक अपने शेयरों को साथ में जमा कर प्रस्ताव के लिए जरूरी शेयर संख्या जुटा रहे हैं। अमेरिका की स्टॉक मार्केट नियामक एजेंसी एसईसी को यह प्रस्ताव भेजा गया है। अप्रैल में कंपनी की सालाना बैठक है, जहां यह प्रस्ताव लाने का प्रयास हो रहा है।
अमेरिका में मिजौरी की अदालत ने कैंसर से पीड़ित महिलाओं की 22 याचिकाओं में जॉनसन एंड जॉनसन के खिलाफ निर्णय दिया था। इसमें कंपनी 200 करोड़ डॉलर यानी करीब 15 हजार करोड़ रुपए मुआवजे व मुकदमे के खर्च के तौर पर दे चुकी है। भविष्य में इतना मुआवजा ना देना पड़े, इसके लिए कंपनी ने अपनी पाउडर उत्पादन शाखा को अलग कंपनी बनाया और बाद में विवादास्पद रूप से इसे दिवालिया दिखाया।
हालांकि, इतना सब होने पर भी कंपनी ने कई रिपोर्टों का हवाला देकर कहा कि उसके बेबी पाउडर से कैंसर नहीं होता है। पाउडर में उपयोग हो रहे सभी तत्व सुरक्षित हैं। शेयरधारकों के ताजा प्रस्ताव के खिलाफ उसने एसईसी को लिखा कि इसे गलत मानते हुए रद्द करें।
ब्रिटेन की लेबर पार्टी के सांसद ने पिछले वर्ष संसद में कहा था कि जॉनसन एंड जॉनसन द्वारा अमेरिका के बाहर अपने टेल्कम पाउडर उत्पादों की बिक्री जारी रखना अनुचित है। शेयरधारकों के प्रस्ताव को उन्होंने सही बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी आज भी अपना पाउडर ब्रिटेन और दुनिया भर में बेच रही है और भारी मुनाफा कमा रही है।
