-
Advertisement
हमीरपुर में बड़ी कार्रवाई: देश विरोधी सोशल मीडिया गतिविधियों के शक में बाहरी राज्य का व्यक्ति हिरासत में
Himachal News: हमीरपुर में केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले एक इनपुट के बाद स्थानीय सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर में रह रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। मामला सोशल मीडिया पर कथित तौर पर देश विरोधी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री साझा करने और संदिग्ध नेटवर्क से संपर्क होने की आशंका से जुड़ा है।
17 सितंबर को मिला था एजेंसी का इनपुट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी ने 17 सितंबर को पुलिस प्रशासन को एक शिकायत पत्र भेजकर संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए थे। इनपुट में आशंका जताई गई थी कि सोशल मीडिया पर सक्रिय यह व्यक्ति किसी संदिग्ध नेटवर्क या देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों के संपर्क में हो सकता है।
प्राथमिक जांच के आधार पर सदर थाना हमीरपुर में 21 सितंबर को मामला दर्ज किया गया, जिसके तुरंत बाद सोमवार शाम पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
दर्जी का काम करता है हिरासत में लिया गया व्यक्ति
बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति मूल रूप से हिमाचल प्रदेश से बाहर किसी अन्य राज्य का निवासी है और बीते करीब छह महीने से हमीरपुर शहर में दर्जी (Tailor) का काम कर रहा था। फिलहाल पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स, कॉल डिटेल्स, ऑनलाइन गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर बने नेटवर्क की गहनता से पड़ताल कर रही है।
पूछताछ के लिए आज पहुंच सकती है केंद्रीय एजेंसी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी की एक विशेष टीम के आज (मंगलवार) हमीरपुर पहुंचने की संभावना है। केंद्रीय टीम स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपी से गहन पूछताछ करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों के पीछे की मुख्य वजह क्या थी और क्या उसके तार किसी बड़े संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े हैं।
सुरक्षा कारणों से पहचान गुप्त
पुलिस प्रशासन ने फिलहाल सुरक्षा और जांच के हित में आरोपी व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि अभी तक किसी आतंकी गतिविधि से आरोपी के सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
अशोक राणा
