-
Advertisement
लाहुल में पवित्र ड्रिलबुरी परिक्रमा के दौरान हादसा: 2 महिला श्रद्धालुओं की मौ#त, कई घायल
Lahaul Spiti Snowfall Death: लाहुल-स्पीति के पवित्र ड्रिलबुरी पर्वत की धार्मिक परिक्रमा के दौरान बड़ा हादसा सामने आया है। भारी ठंड, बर्फबारी और ऑक्सीजन की कमी के कारण दो महिला श्रद्धालुओं की दुखद मौत हो गई, जबकि बुजुर्गों और बच्चों समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल व बीमार हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में भर्ती कराया गया है। इस वर्ष ड्रिलबुरी परिक्रमा में लगभग ढाई हजार श्रद्धालु शामिल हुए थे। यात्रा के दौरान अचानक मौसम खराब होने और अत्यधिक ठंड के कारण श्रद्धालुओं को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
हादसे की मुख्य वजहें,अस्पताल की स्थिति
बर्फ पर फिसलने से कई श्रद्धालु चोटिल हुए, जबकि कई अन्य लोग हाइपोथर्मिया (अत्यधिक ठंड से शरीर जमना) और हाई एल्टीट्यूड सिकनेस (ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी) की चपेट में आ गए। घायलों की बढ़ती संख्या के कारण केलांग अस्पताल में हलचल तेज हो गई है। चिकित्सकों की टीम लगातार मरीजों के इलाज में जुटी हुई है। क्षेत्रीय अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा ने दो महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल अन्य बीमार व घायल श्रद्धालुओं का उपचार जारी है।घटना के बाद श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में गहरा शोक व चिंता का माहौल है।
प्रशासन की सुरक्षा सलाह
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि उच्च पर्वतीय और अत्यधिक ऊंचाई वाले धार्मिक स्थलों की यात्रा से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर जांचें। यात्रा के दौरान पर्याप्त गर्म कपड़े, आवश्यक दवाएं साथ रखें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
इंद्रजीत
