-
Advertisement
फौजी का मकान ढहने पर भड़का गुस्सा, ग्रामीणों संग धरने पर बैठे विधायक; कंपनी पर एफआईआर
Himachal News: मंडी-कोटली-धर्मपुर-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) निर्माण में बरती जा रही लापरवाही के खिलाफ धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने मोर्चा खोल दिया है। उपमंडल के कुम्हारडा गांव में निर्माण कंपनी की अनदेखी के कारण एक फौजी का मकान ढहने की घटना के बाद मंगलवार को विधायक चंद्रशेखर प्रभावित परिवार के समर्थन में ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गए। विधायक के कड़े रुख के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने निर्माण कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विधायक ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर जताया कड़ा रोष
घटना की सूचना मिलते ही विधायक चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य में जुटी ‘सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी’ की लचर कार्यप्रणाली और मनमानी पर कड़ा रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठे विधायक ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों की आड़ में जनता की जान-माल और जीवनभर की पूंजी से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने दिया मुआवजे का आश्वासन, कंपनी पर केस दर्ज
विधायक के धरने पर बैठने के बाद प्रशासनिक अमला भी तुरंत सक्रिय हो गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने और नुकसान का उचित आकलन कर जल्द मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही, पीड़ित परिवार की शिकायत पर धर्मपुर पुलिस थाना में सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।
क्या है पूरा मामला?
कुम्हारडा गांव निवासी भारतीय सेना के जवान आशीष कुमार (पुत्र बिहारी लाल) का मकान एनएच की निर्धारित अलाइनमेंट (सीमा) से बाहर है। इसके बावजूद निर्माण कंपनी द्वारा मकान के ठीक नीचे बिना किसी सुरक्षा उपाय के लगातार कटिंग की जा रही थी। पीड़ित परिवार और ग्रामीण पिछले छह माह से मकान के नीचे सुरक्षा दीवार लगाने की मांग कर रहे थे, लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।मंगलवार को नीचे से जमीन धंसने के कारण मकान का एक कोना अचानक भरभरा कर गिर गया और पूरे भवन में गहरी दरारें आ गईं। मकान असुरक्षित होने के कारण फौजी का परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गया है, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।
संजीव कुमार
