-
Advertisement
BPL Family | CM Sukhu | Big Update |
हिमाचल सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने बीपीएल परिवारों के चयन के मानदंडों में फिर से संशोधन किया है। नई अधिसूचना के तहत अब उन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनके सभी वयस्क सदस्यों ने पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान मनरेगा के अंतर्गत कम से कम 20 दिन का कार्य पूरा किया हो। यह निर्णय बीपीएल चयन प्रक्रिया के छठे चरण को अधिक पारदर्शी और न्यायसंगत बनाने के लिए लिया गया है। अधिसूचना के अनुसार प्रथम चरण से लेकर पांचवें चरण तक के सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त हुए सभी आवेदनों पर इस संशोधित नियम के तहत विचार किया जाएगा। इसके अलावा जो परिवार इस श्रेणी में शामिल होने के इच्छुक हैं, वे नए आवेदन 31 मार्च तक जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद खंडस्तरीय समितियों की ओर से पंचायत-वार सूचियों की छंटनी की जाएगी और अंतिम बीपीएल सूची का प्रकाशन चार अप्रैल 2026 तक कर दिया जाएगा। मनरेगा कामगारों के लिए सरकार ने पात्रता शर्तों में चौथी बार बदलाव किया है। प्रथम चरण में 100 दिन की शर्त के बाद सरकार ने इसे घटाकर पहले 80 दिन, उसके बाद 50 दिन और छठे चरण में 20 दिन कर दिया है। अब मनरेगा के अंतर्गत पिछले वित्तीय वर्ष में 20 दिन कार्य करने वाले भी बीपीएल सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

