-
Advertisement
हिमाचल: जिला स्तरीय नलवाड़ मेला रद्द, तीसरे साल भी नहीं होगा आयोजन; जाने कारण
करसोग। हिमाचल के मंडी जिला के उपमंडल करसोग (Karsog) में होने वाला जिला स्तरीय नलवाड़ मेला (District level Nalwad fair) लगातार तीसरे साल भी नहीं होगा। 5 अप्रैल से शुरू होने वाले इस मेले को इस बार भी रद्द (Canceled) कर दिया गया है। इसका मुख्य कारण हिमाचल हाईकोर्ट (Himachal High Court) से मेला लगाने को स्कूल के मैदान का प्रयोग करने की अनुमति ना मिलना है। जिसके चलते जिला प्रशासन ने मेले को रद्द करने का निर्णय लिया है। ऐसे में लगातार तीसरे साल भी करसोग में नलवाड़ मेला नहीं होगा। बता दें कि इससे पहले वैश्विक महामारी कोविड.19 की वजह से दो साल मेला आयोजित नहीं किया जा सका था। जिला स्तरीय नलवाड़ मेला हर साल 5 से 11 अप्रैल तक आयोजित किया जाता है।
यह भी पढ़ें:शोभा यात्रा के साथ राष्ट्रीय स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर समाप्त, सीएम जयराम ने की शिरकत
प्रदेश में कोरोना महामारी की रफ्तार थमने से लोगों को इस बार मेला लगने की पूरी उम्मीद थी। इसके लिए प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां पूर्ण कर ली थी। यहां तक कि मेले के लिए मैदान सजने के साथ दुकानें लगाने के लिए 2 अप्रैल को प्लॉट आवंटित किए जाने थे। करसोग की राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के मैदान (School Ground) में हर वर्ष मेला आयोजित होता था, लेकिन प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा स्कूल मैदान में बाहरी गतिविधियों पर लगाई गई पाबंदियों को देखते हुए मेला कमेटी को अनुमति लेना जरुरी है। ऐसे में स्कूल के मैदान का प्रयोग करने के लिए अनुमति मांगी गई थी। जिस पर उच्च न्यायालय ने मेले के लिए स्कूल का मैदान प्रयोग में लाने की अनुमति नहीं दी है। एसडीएम करसोग सन्नी शर्मा का कहना है कि उच्च न्यायालय से स्कूल मैदान के प्रयोग की अनुमति न मिलने की वजह से जिला स्तरीय नलवाड़ मेला रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


