-
Advertisement
हिमाचलः गोताखोरों ने ढूंढ निकाला गोविंद सागर झील में गिरे कार्तिक का शव
Last Updated on January 20, 2022 by Vishal Rana
ऊना। जिला ऊना के तहत गोविंद सागर झील के लठियानी घाट पर बुधवार शाम पेश आये हादसे में बाइक( bike) समेत झील में गिरे युवक का शव आज सुबह गोताखोरों ने ढूंढ निकाला। बुधवार देर शाम हादसे के कई घंटे बाद भी जब गोविंद सागर झील ( Govind Sagar lake) में गिरे युवक का कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस और प्रशासन की टीमों ने गोताखोरों की मदद लेने का फैसला लिया। रात ज्यादा होने के चलते भी रेस्क्यू ऑपरेशन (Rescue operation)को टालना पड़ा था। वहीं आज सुबह करीब 7 बजे गोताखोरों के साथ पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर जुट गई। करीब पौने 3 घंटे की मशक्कत के बाद लगभग 9:45 बजे कार्तिक के शव को गोविंद सागर झील से बाहर निकाला जा सका। पुलिस (Police) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल ऊना भेज दिया है। घटना के संबंध में युवक के साथियों से भी पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें-किन्नौर में खाई में गिरी एलएनटी, ऑपरेटर-हेल्पर की मौत
गौरतलब है कि बुधवार देर शाम हमीरपुर जिला के बड़सर निवासी कार्तिक( 19) पुत्र प्रीतम चंद अपने दो अन्य दोस्तों अर्पण ( 19) पुत्र कृष्ण सिंह और विवेक( 18) पुत्र ओमकार दत्त शर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर ऊना जिले के लठियानी पहुंचा था। इस दौरान तीनों युवक बाइक पर घूमते-फिरते गोविंद सागर झील के घाट की तरफ निकल आए। घाट पर घूमते-घूमते अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और झील की तरफ लुढ़क गई। हादसे के दौरान विवेक जल्दी ही बाइक से गिर गया जबकि अर्पण कुछ दूरी पर जाकर गिरा। वे बुरी तरह घायल हो गए , लेकिन कार्तिक संभल नहीं पाया और झील में जा गिरा, हालांकि कार्तिक की बाइक झील के किनारे ही गिर पड़ी थी। दोनों अन्य दोस्तों ने कार्तिक को झील में गिरते देख शोर मचाया, जिसके चलते आसपास के लोगों को भी घटना का पता चला। काफी देर खोजने के बावजूद कार्तिक का कोई पता नहीं चल पाया। वहीं अंधेरा हो जाने के चलते भी रेस्क्यू ऑपरेशन को आज सुबह तक टाल दिया गया। एएसपी ऊना प्रवीण धीमान(ASP Una Praveen Dhiman) ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गोताखोरों की मदद से आज सुबह कार्तिक के शव को झील से बाहर निकाल लिया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group