-
Advertisement
हिमाचल : ठियोग में लोगों के गले सूखे तो सड़कों पर उतरे ग्रामीण, सड़क को किया जाम
शिमला। हिमाचल में एक तरफ भीषण गर्मी और दूसरी तरफ पानी की किल्लत (Water Problem) ने लोगों को सड़कों पर उतरने को मजबूर कर दिया है। राजधानी शिमला के ठियोग (Theog) में पानी ना मिलने पर लोगों ने सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने शिमला किन्नौर एनएच 5 पर नंगलदेवी में करीब एक घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। जिसके चलते सड़क के दोनों और लंबा ट्रैफिक जाम (Trafic Jam) लग गया। गुस्साए लोगों ने माकपा नेता राकेश सिंघा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार और जल शक्ति विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि उन्हें 8 से 10 दिन बाद भी पानी की सप्लाई (Water Supply) नहीं मिल रही है। ग्रामीणों के पास पीने तक को पानी नहीं हैं। पालतू मवेशियों को पानी पिलाना मुश्किल हो रहा है। देवरीघाट पंचायत के ग्रामीणों का कहना है कि वह कई किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के बार-बार आग्रह करने पर भी जल शक्ति विभाग (Jal Shakti Department) पर्याप्त पेयजल मुहैया कराने में नाकाम रहा है। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें:हिमाचलः एक तो भीषण गर्मी दूसरा बिजली नहीं, गुस्साए ग्रामीण पहुंच गए विभाग के दफ्तर
लोगों के करीब एक घंटे के प्रदर्शन (Protest)के बाद मौके पर पहुंचे जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने जल्द से जल्द पानी मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क को बहाल कर दिया। विभाग ने प्रत्येक 5 दिन बाद 1000 लीटर पानी हर परिवार को देने का भरोसा दिया है। इसके बाद देवरीघाट पंचायत में पांच पानी के टैंकर और तीन पिकअप वाहन पानी की सप्लाई को लगाए जाएंगे। जानकारी देते हुए देवरीघाट पंचायत के पूर्व प्रधान बालकृष्ण बाली ने बताया कि पानी की कमी ने ग्रामीणों को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया। उन्होंने बताया कि जब से ओड खड्ड की पेयजल परियोजना को विभाग ने बंद किया है, उसके बाद हर साल देवरीघाट पंचायत के लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है।

वहीं वरिष्ठ नागरिक राजेंद्र के अनुसार प्रदेश सरकार हर घर में नल का दावा कर रही है, लेकिन इस नल में पानी है या नहीं यह कोई नहीं देख रहा। उन्होंने कहा कि पहले की और अब की सरकार में कोई अंतर नहीं है। स्थानीय विधायक राकेश सिंघा (MLA Rakesh Singha) ने जल शक्ति विभाग को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने अपने वादे के अनुसार लोगों को पानी नहीं दिया तो क्षेत्र में विभाग के खिलाफ आंदोलन को उग्र किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के पास पालतू मवेशी हैं उन्हें अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


