- Advertisement -
कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा जिला में पुलिस ने चोरी के आरोपी (Theft accused) को तीन माह बाद गिरफ्तार(Arrest) किया है। आरोपी व्यक्ति ने बैंक में एक ग्राहक के बैग से 20 हजार रुपए उड़ा लिए थे। बैंक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू की थी। मिली जानकारी के अनुसार 3 सितंबर को पंजाब नैशनल बैंक (Punjab National Bank) की कांगड़ा शाखा में जोगीबल्ला के राम चंद अपने पोते के साथ पैसे निकालने आए थे। इसी दौरान उन्होंने बैंक से 50 हजार की राशि निकाली। इस राशि को उन्होंने अपने बैग में रख लिया। बैंक से उन्हें कैश के रूप में 20-20 हजार की दो व 10 हजार की एक गड्डी पहुंची थी। इस दौरान शातिर बुजुर्ग के पीछे खड़ा था और उसने बड़े ही शातिराना तरीके से बैग से एक 20 हजार की गड्डी निकाल ली और मौके से भाग गया।
पीड़ित राम चंद के अनुसार जब उन्होंने अपना बैग चैक किया तो बैग से 20 हजार की गड्डी गायब थी। इसके बाद बैंक में अफरा तफरी मच गई। हालांकि सीसीटीवी (CCTV) फुटेज चेक करने के बाद व्यक्ति का पता चल गया था, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। बुधवार को अचानक 3 महीने के बाद आरोपी फिर से बैंक आया। बैंक में तैनात कर्मियों ने उसे पहचान लिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित भी कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को बैंक में धर दबोचा। आरोपी की पहचान निखिल पुत्र विपिन कुमार निवासी पंजाब के रूप में हुई है। थाना प्रभारी भारत भूषण ने लूट के 3 महीने बाद आरोपी के गिरफ्त में आने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी की अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्तता की जांच भी की जाएगी।
- Advertisement -