-
Advertisement
जम्मू से चोरी करने आता था हिमाचल, सूने मकान थे निशाने पर; अब सुलझी गुत्थी
ऊना। पुलिस ने ऊना (Una) जिला मुख्यालय के वार्ड 3 स्थित मोहल्ला गलुआ में पिछले दिनों दिन-दहाड़े हुई चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में जो सच निकलकर आया, उसे जानकार आप हैरान रह जाएंगे। आरोपी जम्मू (Jammu) से चोरी करने हिमाचल (Himachal Pradesh) आता था। उससे पूछताछ में हिमाचल प्रदेश में और भी चोरियों का खुलासा हो सकता है, क्योंकि चोरों के निशाने पर सूने मकान थे।
यह थी 10 अगस्त की घटना
ऊना शहर के वार्ड नंबर 3 स्थित मोहल्ला गलुआ की निवासी महिला निर्मल कौर पत्नी स्वर्गीय परमजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह पंजाब के नंगल स्थित एक उद्योग में काम करती है। उनका बेटा भी इस उद्योग में उनके साथ कार्यरत है। वह रोजाना सुबह 8:00 बजे घर से निकल जाते हैं और शाम को 6:00 बजे घर पहुंचते हैं। 10 अगस्त को शाम के वक्त जब मां-बेटा घर वापस पहुंचे तो घर के ताले टूटे हुए थे। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जब उन्होंने घर की जांच पड़ताल की तो करीब 5.50 लाख रुपये के गहने और नकदी गायब मिली।
यह भी पढ़े:ऊना पुलिस ने मोहाली से दबोचा जल शक्ति विभाग के SE से ठगी करने वाला “नटवरलाल”
यूं धराया आरोपी
पुलिस ने शिकायत मिलते ही आसपास के सीसीटीवी की फुटेज (CCTV Footage) को खंगालने का काम शुरू कर दिया। उसमें मोहम्मद फारूख की गतिविधियां पुलिस की नजर में आ गईं। पुलिस ने मोहम्मद फारूख के फोटो के आधार पर जांच शुरू की तो उसका नाम-पता पुलिस के हाथ लगा। इसके बाद एक टीम का गठन करते हुए जम्मू-कश्मीर के कठुआ (Kathua in Jammu Kashmir) में दबिश देकर पुलिस ने गुरुवार को फारूख को दबोच लिया। मोहम्मद फारूख चिरानी का काम करने के लिए अपने अन्य साथियों के साथ हिमाचल प्रदेश आता रहता है। वारदात को अंजाम देने के वक्त वह ऊना से होकर अपने घर लौट रहा था।
शिमला की कैथू जेल में बंद हैं 2 साथी
डीएसपी हेडक्वार्टर अजय ठाकुर ने बताया कि मोहम्मद फारुख के दो अन्य साथी चोरी के आरोप में शिमला जिले के कैथू में सलाखों के पीछे बंद हैं। पुलिस द्वारा मोहम्मद फारूख को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद शिमला जिला में बंद दोनों आरोपियों को भी ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

