- Advertisement -
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने आज पालमपुर में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस, इंटक के राज्य स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की बीजेपी सरकार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल जुमलेबाजी कर लोगों को गुमराह करती रही है। जबकि, कांग्रेस (Congress) ने हमेशा कर्मचारियों, मजदूरों और आम लोगों के कल्याण को प्रमुखता देते हुए समाज के सभी वर्गों का उत्थान किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में अब बीजेपी (BJP) की सत्ता से विदाई तय है। उन्होंने सभी से पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंटक कांग्रेस का एक ऐसा अग्रणी संगठन है, जो श्रमिकों की आवाज को बुलंद करता है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जिस प्रकार से महंगाई व बेरोजगारी बढ़ रही है वह बहुत ही चिंता की बात है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश की बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। बेरोजगारों के साथ बड़ा धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह कल ही जनजातीय क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे से लोटी हैं। उन्होंने कहा कि लोग बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) ने कहा कि आज की इंटक की इस सभा से साफ है कि प्रदेश बदलाव की राह पर चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला की सभी 15 सीटों पर इस बार कांग्रेस की झोली में आएंगी और कांग्रेस पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने कहा कि कांग्रेस ने मजदूरों व कामगारों के कल्याण की नीतियां बनाई है। जबकि, बीजेपी ने मजदूरों का शोषण किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कभी भी मजदूर हितेषी नहीं हो सकती, क्योंकि यह तो पूंजीपतियों की सरकार है, जो आज देश की सार्वजनिक संपत्तियों को इन पूंजी पतियों की बेच रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आगामी विधानसभा चुनावों में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
- Advertisement -