-
Advertisement
Himachal: कल से थम जाएंगे निजी बसों के पहिए, कांगड़ा में कम दिखेगा असर- जानिए
शिमला। हिमाचल (Himachal) में कल से निजी बसों (Private Buses) के पहिए थम जाएंगे। कल निजी बस ऑपरेटर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहे हैं। आज निजी बस ऑपरेटर की सरकार के साथ हुई बातचीत बेनतीजा रही। बातचीत के बाद निजी बस ऑपरेटर यूनियन (Private Bus Operators Union) ने हड़ताल (Strike) पर जाने का ऐलान कर दिया है। वहीं, कुछ ऑटो व टैक्सी चालक यूनियनों ने भी हड़ताल में शामिल होने का ऐलान किया है। वहीं, कांगड़ा (Kangra) जिला में हड़ताल का असर कम ही देखने को मिल सकता है। इसका कारण बस ऑपरेटरों के गुटों में बंटे होना है।
यह भी पढ़ें: तीन मई से नहीं चलेंगी निजी बसें, RTO बोले- ना करें ऐसा, हड़ताल करें स्थगित
बता दें कि निजी बस ऑपरेटर यूनियन लंबे समय से सरकार से टोकन टैक्स (Token Tax), स्पेशल रोड टैक्स (Special Road Tax) माफ करने और वर्किंग कैपिटल की घोषणा पूरा करने की मांग कर रही है। पर ऑपरेटरों की ये मांगें पूरी नहीं हो पाई हैं। पिछले माह ही निजी बस ऑपरेटर यूनियन ने आर पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया था। सरकार को मांगें माने जाने के लिए आज तक का समय दिया था। साथ ही ऐलान किया था कि मांगों पर गौर नहीं किया गया तो तीन मई से हड़ताल शुरू होगी। निजी बसों की हड़ताल से हिमाचल में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं, निजी बसों से जुड़े लाखों लोग इससे प्रभावित होंगे। हालांकि कांगड़ा जिले में हड़ताल का असर कम ही देखने को मिल सकता है, क्योंकि यहां निजी बस ऑपरेटर दो गुटों में बंटे हुए हैं। एक गुट बसें चलाने को तैयार है। हिमाचल निजी बस ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष राजेश पराशर ने कहा कि कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो रही है। बस ऑपरेटर बसें नहीं चलाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को मांगें मानने के लिए समय दिया था, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका है।वहीं, निजी बसों की हड़ताल के चलते सरकार ने भी कमर कस ली है। एचआरटीसी (HRTC) अतिरिक्त बसें चलाएगा। एचआरटीसी प्रबंधन ने फैसला लिया है कि जहां सवारियां ज्यादा होंगी वहां पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, ताकि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना ना करना पड़े। इसके लिए सभी डिपो को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: 3 मई को निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल को टैक्सी वालों का समर्थन-सरकार बोली मत करो Strike
जिला कांगड़ा निजी बस ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष हैप्पी अवस्थी, उपाध्यक्ष शिव राम चौधरी, सचिव अनुज बलौरिया, जसूर इकाई के प्रधान बलदेव सिंह जग्गी, शाहपुर इकाई के अध्यक्ष बिंदू राणा व संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रवीण दत्त का कहना है कि वह इस हड़ताल को समर्थन नहीं दे रहे हैं। जिला कांगड़ा निजी बस ऑपरेटर यूनियन अध्यक्ष हैप्पी अवस्थी ने कहा कि कोरोना (Corona) के चलते हिमाचल में हालात ठीक नहीं है। ऐसे में यह उचित समय नहीं था हड़ताल करने का। अगर स्थिति ठीक होती तो सरकार के समक्ष अपनी बात रख सकते थे। एक तो कोरोना के चलते लोग वैसे ही परेशान हैं और उपर से हम बसें ना चला कर उन्हें महंगे दामों पर टैक्सियों करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। यह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर (Transport Minister Bikram Thakur) भी इस वक्त कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। उन्होंने उनके जल्द स्वास्थ्य होने की कामना की है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

